दुर्ग

विधायक रिकेश सेन की त्वरित पहल : हीमोफीलिया पीड़ित छात्र के लिए उपलब्ध कराया जीवनरक्षक इंजेक्शन
11-Feb-2026 6:17 PM
विधायक रिकेश सेन की त्वरित पहल : हीमोफीलिया पीड़ित छात्र के लिए उपलब्ध कराया जीवनरक्षक इंजेक्शन

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

भिलाई नगर, 11 फरवरी। वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रिकेश सेन ने एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक हीमोफीलिया पीड़ित छात्र की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया है। 

आपको बता दें कि भिलाई टाउनशिप निवासी कक्षा दसवीं के छात्र आरूष के लिए विधायक ने तत्काल हीमोफीलिया बी फेक्टर-9 इंजेक्शन की व्यवस्था की और उसे छात्र की माता श्रीमती बी शारदा पखाले को सौंपा।

दसवीं के छात्र का 17 से है एग्जाम

छात्र आरूष हीमोफीलिया बी (फेक्टर-9 की कमी) से पीड़ित है। इस बीमारी में शरीर में क्लॉटिंग फैक्टर्स की कमी के कारण चोट लगने पर खून आसानी से नहीं जमता, जिससे आंतरिक और बाहरी रक्तस्राव का गंभीर खतरा बना रहता है। समय पर इंजेक्शन न मिलने से असहनीय दर्द और अंगों के खराब होने का डर रहता है।

आरूष की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होने वाली हैं। ऐसे नाजुक समय में परिवार इंजेक्शन की अनुपलब्धता के कारण काफी परेशान था। परिजनों ने जब विधायक रिकेश सेन से मदद की गुहार लगाई, तो उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल इंजेक्शन मंगवा कर पाखले परिवार को राहत पहुंचाई।

अस्पताल प्रबंधन को कड़े निर्देश

विधायक श्री सेन ने केवल तात्कालिक सहायता ही नहीं की बल्कि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न आए, इसके लिए ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने सिविल सर्जन और सुपेला शासकीय अस्पताल प्रभारी से सीधी चर्चा की।

सुपेला अस्पताल में भविष्य के लिए 'हीमोफीलिया फेक्टर-9' इंजेक्शन की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। विधायक ने परिवार को आश्वस्त किया कि उन्हें स्वास्थ्य संबंधी ऐसी दिक्कतों का सामना अब दोबारा नहीं करना पड़ेगा।

श्री सेन ने कहा कि "जनता की सेवा और विशेषकर बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा में आने वाली बाधाओं को दूर करना मेरी प्राथमिकता है। आरूष अपनी परीक्षा बिना किसी शारीरिक कष्ट के दे सके यही हमारी कोशिश है।" इस मानवीय पहल के लिए छात्र के परिजनों ने विधायक का आभार व्यक्त किया है।


अन्य पोस्ट