दुर्ग

अमानक पाए जाने पर कंपनी व विक्रेता को नोटिस, बेचने पर लगाया प्रतिबंध
11-Feb-2026 4:50 PM
अमानक पाए जाने पर कंपनी व विक्रेता को नोटिस, बेचने पर लगाया प्रतिबंध

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 फरवरी।
जिले में रबी वर्ष 2025-26 में बीज पांच व खाद का एक नमूना अमानक पाया गया है। मामले में कृषि विभाग ने निर्माता कंपनी व विक्रेता को नोटिस जारी किया गया। साथ ही संबंधित लाट के विक्रय पर प्रतिबंध दिया गया है।

जानकारी के अनुसार जिले में निजी क्षेत्र में 87 एवं सहकारी क्षेत्र की 233 को मिलाकर  बीज के कुल 320 विक्रेता है। इनमें 124 सहकारी एवं 81 निजी दुकानों से कुल 205 नमूने लेने का लक्ष्य मिला है। इसके विरुद्ध जिले में कुल 235 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए थे। इनमें अब तक 208 नमूनों की जांच रिपोर्ट आ चुकी है। प्राप्त परिणाम में सहकारी क्षेत्र के 4 एवं निजी दुकान से लिया गया। 1 नमूना अमानक पाया गया है, अभी भी बीज के 27 नमूनों की जांच रिपोर्ट आना बाकी है।

इसी प्रकार जिले में खाद 362 विक्रेता है इनसे रासायनिक उर्वरको का 43 नमने लेने का लक्ष्य मिला हुआ है। इसके विरुद्ध सहकारी क्षेत्र से 18 एवं निजी दुकानों से विभिन्न प्रकार के खाद के 25 नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। इनमें सहकारी 7 एवं निजी दुकानों से लिए गए 10 नमूनों की जांच रिपोर्ट अब तक आ चुकी है। प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार निजी दुकान से लिए गए खाद का एक नमूना अमानक मिला है। अभी 26 नमूनों की जांच रिपोर्ट आना बाकी है। उपसंचालक कृषि संदीप कुमार भोई का कहना है कि अमानक बीज एवं खाद की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया। साथ ही मामले में विक्रेता व निर्माता को नोटिस जारी किया गया है।


अन्य पोस्ट