दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 9 फरवरी। गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत रविवार को गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने और गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर आयोजित विशाल बाइक रैली सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बाइक रैली में सैकड़ों की संख्या में गौ प्रेमी, समाजसेवी, संत और धार्मिक नेताओं ने भाग लिया और गौ हत्या बंद करो और गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करो के जय घोष के साथ गौ माता के प्रति अपना समर्थन दिया।
रैली दीपक ताराचंद साहू के निवास भिलाई से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुलगांव चौक पर पर समाप्त हुई। रैली के दौरान गौ माता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए नारे लगाए गए और गौ माता के संरक्षण और कल्याण के लिए समर्थन जुटाया गया।
रैली के आयोजक राम उपकार तिवारी ने बताया कि गौ माता हमारी संस्कृति और परंपरा का अभिन्न अंग है, और उन्हें राष्ट्र माता घोषित करने से हमारी संस्कृति और परंपरा का सम्मान होगा। उन्होंने कहा कि गौ हत्या एक गंभीर अपराध है, और इसे रोकने के लिए सख्त कानून बनाने की जरूरत है।
रैली के समापन पर आयोजित सभा में गौ माता के संरक्षण और कल्याण के लिए संकल्प लिया गया। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि गौ माता हमारी माता है, और हमें उनके संरक्षण और कल्याण के लिए एकजुट होना होगा।


