दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 6 फरवरी। मेडिकल स्टोर्स व ओपीडी खुलवाने का झांसा देकर लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को मोहन नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की तलाश में टीम लगाई गई है। आरोपी को गिरफ्तार का न्यायालय में पेश किया गया है।
मोहन नगर थाना प्रभारी केशव कोसले ने बताया कि 16 जनवरी को प्रार्थी राहुल परिहार द्वारा थाना मोहन नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि टस्कर ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड के संचालक एवं प्रतिनिधियों द्वारा मेडिकल स्टोर्स एवं ओपीडी संचालन के लिए फ्रेंचाइजी देने के नाम पर उसे प्रलोभन दिया गया। आरोपियों द्वारा यह आश्वासन दिया गया था कि कंपनी की फ्रेंचाइजी लेने पर मेडिकल स्टोर का इंटीरियर ब्रांड प्रमोशन, एमबीबीएस डॉक्टर की ओपीडी सुविधा, पैथोलॉजी सुविधा, दवाइयां का स्टॉक, कर्मचारियों की व्यवस्था एवं वेतन का वहन कंपनी द्वारा किया जाएगा।
इससे प्रार्थी को प्रतिमाह एक से दो लाख रुपए तक का मुनाफा होगा। उनके प्रलोभन में आकर प्रार्थी ने 28 अक्टूबर 2024 को फ्रेंचाइजी लेने के लिए विभिन्न मदों में कुल 25,93,400 रुपए कंपनी को फोन पे एवं आरटीजीएस के माध्यम से भुगतान किया। इसके पश्चात कंपनी द्वारा न तो वादा की गई सुविधा उपलब्ध कराई गई और न ही उचित दवाइयां का स्टाक दिया गया।
शिकायत के संबंध में ईमेल करने पर भी कंपनी प्रतिनिधियों द्वारा कोई उत्तर नहीं दिया गया। इस तरह आरोपियों ने झूठा आश्वासन देकर प्रार्थी से लगभग 26 लाख रुपए की राशि हड़प ली थी। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी रवि पांडे निवासी सरोजिनी नगर लखनऊ उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है।अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई में मोहन नगर थाना प्रभारी एवं पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।


