दुर्ग

हत्या, फरार तीन आरोपी गिरफ्तार
03-Feb-2026 6:07 PM
हत्या, फरार तीन आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 3 फरवरी।
उधारी न चुकाने पर युवक की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने 3 फरार आरोपियों को पकड़ लिया है। पैसा नहीं देने पर आरोपियों ने पहले युवक का कार से अपहरण किया। इसके बाद उसे होटल में लेकर उसके साथ जमकर मारपीट की, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रकरण में पुलिस ने पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब फरार चल रहे तीन और आरोपियों को पकड़ लिया।

कोतवाली थाना पुलिस ने बताया कि मृतक ऋषि निर्मलकर (19 वर्ष) ने आरोपियों से कुछ पैसे उधार ले रखे थे, जिसे वह लौटा नहीं पाया। इसके चलते 24 जनवरी मालवीय नगर चौक के पास आरोपी उसे जबरदस्ती कार में बैठाकर अपने साथ इंदिरा मार्केट स्थित होटल 36 इन में ले गए, जहां ऋषि निर्मलकर के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। इस चोटों के कारण इलाज के दौरान ऋषि निर्मलकर की मौत हो गई। मर्ग जांच में शार्ट पीएम रिपोर्ट और गवाह के कथन के आधार पर धारा 103, 3(5) बीएनएस के तहत केस किया।
आरोपियों की तलाश के दौरान ओम नगर उरला, दुर्ग निवासी प्रशांत राव और जयंती नगर दुर्ग निवासी लक्की उर्फ किशन कुमार ध्रुवे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया था। शेष फरार आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी। सोमवार आरोपियों का सुराग लगने पर कैलाश नगर निवासी काके उर्फ हरविंदर सिंह (20 ), गुरुनानल नगर, दुर्ग निवासी मेजर सिंह सागर उर्फ राज सिंह सागर (19) और हावड़ा, पश्चिम बंगाल निवासी अंकित झा (22 ) को पकड़ लिया।


अन्य पोस्ट