दुर्ग

फ्लिपकार्ट डिलीवरी से जुड़े कलेक्शन में हेराफेरी
03-Feb-2026 4:19 PM
फ्लिपकार्ट डिलीवरी से जुड़े कलेक्शन में हेराफेरी

सुपरवाइजर पर 1.85 लाख की गड़बड़ी का मामला दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 3 फरवरी। पुरानी भिलाई थाना अंतर्गत ऑनलाइन डिलीवरी कंपनी से जुड़े कैश कलेक्शन और बैंक जमा पर्चियों में हेराफेरी का मामला सामने आया है।

एनटेक्स ट्रांसपोर्टेशन सविर्सेज प्राइवेट लिमिटेड की ओर से दी गई शिकायत पर पुलिस ने शाखा सुपरवाइजर के खिलाफ धोखाधड़ी एवं आपराधिक विश्वासघात के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। पुरानी भिलाई पुलिस ने बताया कि अशोक कुमार वैष्णव, टीम लीडर, एनटेक्स ट्रांसपोर्टेशन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड ने 1 फरवरी को थाना पुरानी भिलाई में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन में बताया गया कि उनकी कंपनी फ्लिपकार्ट इंटरनेट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के लिए छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन सामानों की डिलीवरी, कैश ऑन डिलीवरी संग्रहण एवं बैंक में जमा करने का कार्य करती है।

प्रार्थी के अनुसार चरोदा ब्रांच, दादर रोड में पदस्थ सुपरवाइजर जतिन कुमार झा वितरण,कैश कलेक्शन और शाखा प्रबंधन का कार्य संभालता था। प्रधान कार्यालय पुणे से 8 दिसंबर 2025 को प्राप्त जानकारी में सामने आया कि आरोपी ने विभिन्न तिथियों की बैंक जमा पर्चियों में हेरफेर कर राशि अधिक दर्शाई गई है। जांच में यह पाया गया कि 27 नवंबर 2025 को 1,11,753 जमा किए गए, जिसे पर्ची में बदलकर 1,82,753 दर्शाया गया

1 दिसंबर 2025 को 87,441 जमा किए गए, जिसे 1,47,441 बताया गया 6 दिसंबर 2025 को 1,36,521 जमा किए गए, जिसे 1,90,852 दर्शाया गया। इस प्रकार कुल 3,35,715 की वास्तविक जमा राशि को 5,21,046 दर्शाकर 1,85,331 की हेराफेरी की है। रिपोर्ट पर पुलिस मामले में धारा 116(डी) बीएनएस एवं 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में ले लिया है।


अन्य पोस्ट