दुर्ग

यूपीआई से रकम निकालने वाले बिहार से गिरफ्तार
03-Feb-2026 4:09 PM
यूपीआई से रकम निकालने वाले बिहार से गिरफ्तार

दुर्ग, 3 फरवरी। छावनी थाना पुलिस ने यूपीआई से करीब सवा लाख रुपए की रकम निकालने वाले आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया है। प्रकरण में करीब दो साल पहले युवक का मोबाइल गुम हो गया। मोबाइल आरोपी के हत्थे चढ़ गया। उसने पासवर्ड हैक करके यूपीआई के माध्यम से रकम निकाल ली थी। पुलिस ने सचिन किसपोट्टा को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।

थाना पुलिस ने बताया कि प्रार्थी संतोष कुमार ने 6 मार्च 2024 को छावनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी के मुताबिक उसका मोबाइल गुम हो गया था। किसी ने गुम हुए मोबाइल का दुरुपयोग कर फोन-पे यूपीआई के माध्यम से कुल 1 लाख 23 हजार 900 रुपए की रकम ट्रांसफर कर ली। प्रकरण में छावनी पुलिस ने धारा 420, 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान बैंक से प्राप्त जानकारी के आधार पर राशि जिस खाते में ट्रांसफर की गई थी, वह खाता सचिन किसपोट्टा (32 वर्ष) निवासी जिला कैमूर (बिहार) के नाम से संचालित होना पाया गया। इस आधार पर पुलिस टीम को बिहार रवाना किया गया।

जहां से आरोपी को विधिवत हिरासत में लेकर दुर्ग लाया गया।


अन्य पोस्ट