दुर्ग
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 1 फरवरी। दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में घर के भीतर हुई बड़ी चोरी का पुलिस ने 24 घंटे से भी कम समय में खुलासा करते हुए होम मेड को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला ने पुराने विश्वास का फायदा उठाकर करीब 20 लाख रुपए के सोने-हीरे के आभूषण चोरी किए थे। जिन्हें पुलिस ने बरामद कर विधिवत जब्त किया है।
मिली जानकारी के अनुसार राहुल जैन निवासी पद्मनाभपुर ने कल रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके घर से सोने और हीरे के कीमती आभूषण चोरी हो गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर थाना पद्मनाभपुर में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
इस मामले में गिरफ्तार आरोपी कविता देशलहरे (36 वर्ष) निवासी स्टेशन मरोदा है। जिससे संदेह के आधार पर पूछताछ में खुलासा हुआ।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर संदेह के घेरे में आई होम मेड कविता को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में महिला ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह प्रार्थी के घर पर घरेलू कार्य करती है। उसने घर के सदस्यों के विश्वास का फायदा उठाकर सुनियोजित तरीके से चोरी की घटना को अंजाम दिया।
आरोपी की निशानदेही पर चोरी गए सोने-हीरे के आभूषण बरामद कर लिए गए हैं। जब्त सामग्री में हीरे जड़ी सोने की चैन, दो मंगलसूत्र, एक नेकलेस, दो जोड़ी कान के झुमके, एक चांदी की करधन, एक बड़ी पायल, एक छोटी पायल और दो बिछिया शामिल है।
पुलिस ने बरामद आभूषणों की कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपए बताई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।



