दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 22 जनवरी। धान खरीदी को लेकर चल रही राजनीतिक बयानबाजी के बीच भाजपा उतई मंडल के महामंत्री प्रवीण कुमार यदु ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों की उपज का पूरा धान खरीदेगी। उन्होंने कहा कि किसानों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है और सरकार अन्नदाताओं के हित में निर्णय ले रही है।
प्रवीण कुमार यदु ने कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा में किसी कारणवश किसान धान नहीं बेच पाते हैं, तो सरकार किसान हित में धान खरीदी की समय सीमा बढ़ाने का निर्णय भी ले सकती है। उन्होंने कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस धान खरीदी के मुद्दे पर अनावश्यक आरोप लगा रही है।
भाजपा नेता ने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने धान खरीदी के मामले में पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। उनके अनुसार, पिछली सरकार के कार्यकाल में 92.2 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई थी, जबकि मौजूदा सरकार अब तक लगभग 105 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी कर चुकी है और आगे भी खरीदी जारी रहेगी।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रवीण यदु ने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में धान खरीदी से जुड़ी कई समस्याएं सामने आई थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय सॉफ्टवेयर संबंधी गड़बड़ी के कारण बड़ी संख्या में किसानों को परेशानी हुई थी। उन्होंने यह भी कहा कि उस अवधि में कस्टम मिलिंग दर बढऩे और भुगतान में देरी के कारण राइस मिलर्स भी प्रभावित हुए थे। धान के सूखत (वजन में कमी) के मुद्दे पर उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकार के समय सूखत का प्रतिशत अधिक था।
जो वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कम हुआ है।
प्रवीण कुमार यदु ने कहा कि साय सरकार किसान हितैषी है और किसानों के हित में आवश्यक निर्णय लिए जा रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि जरूरत पडऩे पर धान खरीदी की अवधि बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा।
इस संबंध में कांग्रेस की ओर से भाजपा के दावों पर समाचार लिखे जाने तक कोई प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है।


