दुर्ग

छत्तीसगढ़ में धान घोटाले पर सियासत
19-Jan-2026 3:47 PM
छत्तीसगढ़ में धान घोटाले पर सियासत

कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन भिलाई में ‘चूहा सम्मान रैली’

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 19 जनवरी। छत्तीसगढ़ में कथित धान घोटाले को लेकर कांग्रेस ने भिलाई में अनोखे अंदाज़ में विरोध दर्ज कराया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नर्सिंग नाथ के तत्वावधान में आयोजित चूहा सम्मान रैली कल शाम करीब 4.30 बजे निकाली गई। रैली में भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव, जिला व ब्लॉक स्तर के कई नेता एवं सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।

रैली के दौरान व्यंग्यात्मक रूप से सबसे अधिक धान खाने वाले चूहों के नाम की घोषणा की गई। कवर्धा जिले के चूहे को प्रथम, महासमुंद को द्वितीय, गोरिल्ला जिले को तृतीय तथा बेमेतरा जिले के चूहे को सांत्वना पुरस्कार देने की घोषणा की गई। कांग्रेस का कहना है कि करोड़ों रुपये के धान नुकसान को चूहों के सिर मढक़र असली दोषियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। चूहा सम्मान रैली राजेंद्र प्रसाद चौक से सुपेला घड़ी चौक तक निकाली गई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि धान के करोड़ों रुपये के नुकसान की जिम्मेदारी चूहों पर डालना जनता को गुमराह करने का प्रयास है। रैली में प्रतीकात्मक रूप से चूहों का सम्मान कर विरोध दर्ज कराया गया और न्याय की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि अधिकारियों के अनुसार कवर्धा में लगभग 7 करोड़ और महासमुंद में करीब 5 करोड़ रुपये का धान चूहों द्वारा खा जाने की बात कही जा रही है। कांग्रेस ने इसे बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार की ओर इशारा बताते हुए कहा कि गरीब किसानों के धान का पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए चूहों को बलि का बकरा बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दुर्ग नगर निगम में अधिकारी कर्मचारियों से व्यक्तिगत काम करवा रहे हैं और इनकार करने पर बर्खास्तगी जैसी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि चूहों ने धान खाकर विश्व रिकॉर्ड बना दिया है, इसलिए कांग्रेस ने प्रतीकात्मक रूप से पुरस्कार घोषित किए।

 

निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग

विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि यह रैली जनता को गुमराह होने से बचाने के लिए निकाली गई है। उन्होंने कहा कि एक जगह 7 करोड़ और दूसरी जगह 5 करोड़ का धान चूहों द्वारा खा जाने का तर्क जनता के गले नहीं उतरता। रैली के समापन पर छावनी एसडीएम हेमंत पिज्जा को ज्ञापन सौंपकर उच्च स्तरीय, निष्पक्ष जांच, दोषियों के नाम सार्वजनिक करने और सख्त कार्रवाई की मांग की गई। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अरुण सिंह सिसोदिया, अतुल साहू, गिरवर बंटी साहू, संदीप निरंकारी, ब्लॉक अध्यक्ष जी. राजू, गुड्डू खान, सौरभ दत्ता, दिनेश पटेल, केशव चौबे, लालचंद वर्मा, आदित्य सिंह, अंजू सिन्हा, राजेश साहू, फ़ारूक़ खान सहित अन्य सैकड़ों कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट