दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 जनवरी। लंबे इंतजार के बाद ब्लाक कांग्रेस अध्यक्षों की घोषणा कर दी गई है। दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस अंतर्गत आने वाले सबसे बड़े दुर्ग ग्रामीण ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष का कमान पूर्व जनपद अध्यक्ष देवेन्द्र देशमुख को सौंपा गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी महासचिव छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट ने नव नियुक्त ब्लाक अध्यक्षों की सूची जारी कर दी है।
गौरतलब है कि दुर्ग ग्रामीण ब्लाक कांग्रेस अंतर्गत दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के 53 एवं अहिवारा विधानसभा की 21 ग्राम पंचायतें आती हैं। देवेन्द्र देशमुख पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू के काफी करीबी है वे दो बार दुर्ग जनपद पंचायत के अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा जनपद उपाध्यक्ष एवं सभापति के पद पर भी रहे हैं। इस प्रकार श्री देशमुख की पंचायत प्रतिनिधि के रूप में क्षेत्र के लोगों से जमीनी स्तर पर जुड़ाव को देखते हुए उन्हें ब्लाक कांग्रेस का यह दायित्व सौंपा गया है। उनकी इस नियुक्ति पर सरपंच संघ के पूर्व अध्यक्ष रिवेन्द्र यादव, दुर्ग जनपद उपाध्यक्ष राकेश हिरवानी, डीकेन्द्र हिरवानी, प्रहलाद वर्मा आदि ने बधाई दी है।
इसी प्रकार धमधा ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष की बागडोर पूर्व मंत्री रविन्द्र चौबे के करीबी माने जाने वाले शिव कुमार वर्मा को सौंपा गया है। उनकी नियुक्ति पर जालम पटेल, जिला पंचायत सदस्य दानेश्वर साहू सहित क्षेत्र के कार्य कर्ताओं ने हर्ष व्यक्त किया है। पाटन मोहन साहू, भिलाई-चरोदा श्रीकांत वर्मा, कुम्हारी मनहरण यादव, जामुल नगर कमलेश साहू, अहिवारा उमेश साहू, जामगांव आर राजेश ठाकुर एवं अहिवारा नगर ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष पद पर संतोष बाफना की नियुक्ति की गई है


