दुर्ग

​विवाहित ने झूठ बोलकर की दूसरी शादी, आरोपी गिरफ्तार
31-Dec-2025 4:33 PM
​विवाहित ने झूठ बोलकर की दूसरी शादी, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 31 दिसंबर। 24 नवंबर को हुई शादी के बाद पीडि़ता ने उतई थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका पति विजय कुमार पांडेय निवासी कैलाश नगर कुरूद भिलाई पूर्व से ही शादीशुदा था, उसने झूठ बोलकर एवं सच्चाई को छुपाते हुए शादी की थी।

इस मामले में पीडि़ता ने विद्ववासनी प्रसाद शुक्ला (61 वर्ष) पर भी आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने सच्चाई छुपाते हुए उसका रिश्ता लगाया था। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति एवं रिश्ता लगाने वाले विद्ववासनी शुक्ला को गिरफ्तार किया था। विद्ववासनी को न्यायालय ने जमानत दे दी है। इस मामले में जबरन फंसाये जाने की शिकायत कर एवं अपना पक्ष रखते हुए विद्ववासनी शुक्ला ने जिला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल को आवेदन पत्र सौंप कर मामले की पुन: जांच कराने, उन्हें न्याय दिलाने एवं अन्य दोषियों पर भी कार्रवाई किए जाने का निवेदन किया है।

विद्ववासनी प्रसाद शुक्ला निवासी नेहरू भवन के सामने सुपेला ने बताया कि गुरु दत्त मिश्रा जो पूजा तिवारी के फूफा है वे सुपेला मार्केट में ही निवास करते हैं और दुकान में आते जाते रहते हैं, इसलिए उनसे भी सामान्य जान पहचान विद्ववासनी की थी। विजय पांडेय के दोस्त अजय ने विद्ववासनी से कहा था कि कोई लडक़ी बताना विजय पांडेय की शादी कराना है। कुछ दिनों बाद पूजा तिवारी के फूफा गुरु दत्त मिश्रा विद्ववासनी शुक्ला के दुकान पर आए तब विद्ववासनी ने उनसे विजय पांडेय की शादी के लिए चर्चा की और यह भी कहा कि विजय पांडेय दुकान पर आते जाते हैं परंतु कोई विशेष जान पहचान नहीं है, आप अपने तरीके से पता करके कोई लडक़ी हो तो बता देना।  इस पर गुरुदत्त मिश्रा ने कहा कि मेरे साले की लडक़ी है उम्र ज्यादा हो चुकी है, वह लोग परेशान है। मैं उनसे शादी की बात करता हूं। पूजा तिवारी के पिता चंद्र दत्त तिवारी अपनी पत्नी के साथ विजय पांडेय के घर गए थे और मकान देखकर वे लोग शादी के लिए तैयार हो गए थे। विद्ववासनी शुक्ला ने एसएसपी को सौंप गए आवेदन पत्र में बताया है कि मैं विजय पांडेय को दुकान में आने-जाने के कारण ही जानता हूं। विशेष जानकारी उसके बारे में मुझे नहीं है।

 


अन्य पोस्ट