दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 16 दिसंबर। श्री रावतपुरा सरकार इंस्टीट्यूट ऑफ़ फार्मेसी, कुम्हारी के विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत ग्राम पाहंदा, कुम्हारी में 11 से 17 दिसंबर तक सात दिवसीय शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
शिविर का शुभारंभ संस्थान के प्राचार्य प्रो. एस. प्रकाश राव के प्रेरणादायी संबोधन से हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए संस्थान परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संदेश दिया तथा समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी विनीता गोटी के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने ग्राम पाहंदा में श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान छात्रों ने ग्रामीणों को स्वच्छ, प्लास्टिक-मुक्त एवं कचरा-मुक्त वातावरण बनाए रखने के प्रति जागरूक किया तथा स्वच्छ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
शिविर के दौरान विभिन्न बौद्धिक सत्रों का भी आयोजन किया जा रहा है, जिनमें अनुभवी वक्ताओं द्वारा विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया जा रहा है। ये सत्र आगामी दिनों में भी जारी रहेंगे। शिविर के समापन अवसर पर सभी विद्यार्थियों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। साथ ही समाज के विकास में सकारात्मक एवं रचनात्मक योगदान देने का प्रण भी किया।
यह सात दिवसीय एनएसएस शिविर विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।


