दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 दिसंबर। छावनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीती रात कैम्प -2 सतनाम नगर में कर्ज की राशि को लेकर दो युवकों के मध्य आपसी विवाद के बाद एक ने सडक़ पर पड़े कांक्रीट के हिस्से को सिर पर दे मारा। घायल को गंभीर अवस्था में मेकाहारा में दाखिल कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। छावनी पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
छावनी पुलिस ने बताया कि शनिवार रात को सतनाम नगर कैम्प -2 में शनिवार रात को नील कमल जांगड़े (28 वर्ष ) एवं शिव कोशले ( 32 वर्ष) के मध्य आपसी विवाद हो गया। इस पर आवेश में आकर शिव कोसरे ने सीमेंट रोड के एक पत्थरनुमा कांक्रीट हिस्से को उठाकर नील कमल जांगड़े के ऊपर जानलेवा हमला करते हुए सिर पर पटक दिया। इस जानलेवा हमले में नील कमल जांगड़े वहीं सडक़ पर गिर गया। जिसे तत्काल इलाज के लिए बीएम शाह अस्पताल ले जाया गया। वहां से दुर्ग जिला अस्पताल और फिर गंभीर स्थिति को देखते हुए मेकाहारा रायपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति अभी गंभीर बनी हुई है।
पुलिस को रात 10 बजे घटना की सूचना मिलते ही अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर गई। फिलहाल आरोपी शिव कोशले को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की खबर है। घायल नील कमल जांगड़े को चोट ज्यादा लगने के कारण घटना के संबंध में बता पाने की स्थिति में नहीं है, लेकिन पता चला है कि शिव कोशले ने वर्षभर पहले नील कमल को पांच हजार रुपए कर्ज में दिया था। वह रुपए को नील कमल लौटा नहीं रहा था।
शनिवार को दोनों के बीच मुलाकात हुई और फिर दोनों ने शराब पिया। फिर नील कमल ने शिव कोशले से दो हजार रुपए उधार मांगा। इस पर शिव कोशले ने पुराना पांच हजार रुपए नहीं देने की बात पर उसके साथ गाली गलौज किया। इसके बाद दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। बताते हैं आरोपी शिव कोशले वर्ष 2019 में अपने एक रिश्तेदार की हत्या के मामले में जेल जा चुका है।


