दुर्ग

जामुल बनेगा प्रदेश का आध्यात्मिक केंद्र, श्री राम कथा के लिए भूमिपूजन
14-Dec-2025 8:36 PM
 जामुल बनेगा प्रदेश का आध्यात्मिक केंद्र, श्री राम कथा के लिए भूमिपूजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 14 दिसंबर। जामुल की पुण्यभूमि पर शनिवार को सनातन संस्कृति के गौरवशाली अध्याय का शुभारंभ भव्य-दिव्य श्री राम कथा महोत्सव के भूमि पूजन के साथ हुआ।

 अयोध्या से पधारे स्वामी डॉ. अनंताचार्य  महाराज ने वेद-मंत्रोच्चार, आहुति, स्वस्ति व वैदिक विधि-विधान के मध्य भूमि पूजन संपन्न कराया। इस पावन अनुष्ठान में मुख्य यजमान के रूप में दिलेश्वर उमरे व केदार राम साहू ने विधिवत सहभागिता कर धर्मकार्य का पुण्य लाभ अर्जित किया।

भूमि पूजन के साथ ही लगभग 50 हजार श्रद्धालुओं की क्षमता वाले विशाल एवं सुव्यवस्थित पंडाल के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। यह पंडाल दो लाख वर्गफुट से अधिक क्षेत्र में विस्तृत होकर प्रदेश के सर्वाधिक भव्य एवं सुव्यवस्थित कथा परिसरों में से एक के रूप में विकसित होगा।

इस गरिमामयी अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में कारसेवक पंडवानी गायक चेतन देवांगन, दुर्ग सांसद विजय बघेल, कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग अध्यक्ष राकेश पाण्डेय, विधायक डोमन लाल कोर्सेवाडा, जिला पंचायत अध्यक्ष Ÿसरस्वती बंजारे, समाजसेवी ज़हीर ख़ान, समाजसेवी इन्द्रजीत सिंह (छोटू) तथा नगरपालिका उपाध्यक्ष  सुनीता चन्नेवार की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

अतिथिगणों ने इसे छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक-आध्यात्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण एवं गौरवपूर्ण आयोजन बताते हुए कहा कि यह महोत्सव जामुल को प्रदेश के आध्यात्मिक मानचित्र पर एक विशिष्ट पहचान प्रदान करेगा। आगामी श्री राम कथा का वाचन जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी डॉ. राघवाचार्य महाराज (श्रीधाम पीठाधीश्वर) द्वारा किया जाएगा, जिनकी ओजस्वी एवं भक्तिरसपूर्ण वाणी से संपूर्ण क्षेत्र आध्यात्मिक चेतना से आलोकित होगा।

यह महाभव्य आयोजन जामुल ही नहीं, बल्कि संपूर्ण छत्तीसगढ़ की सनातन आस्था, सांस्कृतिक वैभव और आध्यात्मिक चेतना का उत्सव सिद्ध होने जा रहा है। यह जानकारी ईश्वर उपाध्याय ने दी।


अन्य पोस्ट