दुर्ग

पं. धीरेंद्र शास्त्री का भिलाई में 25 से दिव्य श्री हनुमंत कथा, प्रदेशभर से जुटेंगे श्रद्धालु
14-Dec-2025 8:35 PM
 पं. धीरेंद्र शास्त्री का भिलाई में 25 से दिव्य श्री हनुमंत कथा, प्रदेशभर से जुटेंगे श्रद्धालु

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 14 दिसंबर। देश में सनातन के ध्वजवाहक व बागेश्वर धाम के पीठाधीश पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का इस्पात नगरी भिलाई में प्रथम बार आगमन होगा।

वे जयंती स्टेडियम के समीप ग्राउंड में 25 से 29 दिसंबर तक आयोजित दिव्य श्री हनुमंत कथा में श्रद्धालुओं को कथा का रसपान करवाएंगे। कथा के लिए प्रतिदिन दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। पंडित शास्त्री 27 दिसंबर को विशेष दिव्य दरबार लगाएंगे।

दरबार में वे श्रद्धालुओं की पर्ची निकालेंगे और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए उनका मार्गदर्शन करेंगे। किसी भी शुभ कार्य के प्रारंभ के पूर्व ध्वजपूजन किया जाता है। इस परंपरा का निर्वहन करते हुए दिव्य श्री हनुमंत कथा आयोजन स्थल पर  15 दिसंबर, सोमवार को शुभ मुहूर्त पर दोपहर 2 बजे ध्वजपूजन किया जाएगा। ध्वज पूजन उपरांत प्रतिदिन यहां सामुहिक रुप से हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा।

सेवा समर्पण समिति द्वारा आयोजित दिव्य श्री हनुमंत कथा के आयोजन से श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।  दिव्य श्री हनुमंत कथा में दुर्ग-भिलाई के अलावा पूरे छत्तीसगढ़ से हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की जुटने की संभावना है। जिसके चलते आयोजन समिति द्वारा जयंती स्टेडियम के समीप ग्राउंड में श्रद्धालुओं के लिए बैठक के अलावा वाहन पार्किंग, बिजली, नि:शुल्क भोजन, पेयजल, शौचालय व अन्य व्यवस्था किए जा रहे है। पूरे कथा आयोजन के दौरान व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद रहेगा। यह बातें स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने शनिवार को सर्किट हॉऊस दुर्ग में मीडिया से चर्चा में कही।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड अध्यक्ष और सेवा समर्पण समिति के संयोजक राकेश पाण्डेय, जिला भाजपाध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक, पूर्व मंत्री रमशिला साहू, पूर्व विधायक सांवलाराम डहरे, सेवा समर्पण समिति अध्यक्ष पं. वीरेन्द्र प्रसाद शुक्ला, जिला भाजपा महामंत्री विनोद अरोरा, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता केएस चौहान, आयोजन समिति सदस्य दिनेश देवांगन, मनोज मिश्रा, राजा महोबिया, तेखन सिन्हा के अलावा अन्य सदस्य मौजूद रहे।

गजेन्द्र यादव ने दिव्यश्री हनुमंत कथा के आयोजन की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि हम सब का सौभाग्य है कि सनातन के ध्वजवाहक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भिलाई के पावन धरती में पधार रहे हैं। वे अपनी अलौकिक कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं में श्रद्धा- भक्ति का अलख जगाएंगे। उनके दिव्य दर्शन एवं कथा श्रवण के लिए प्रदेशभर से श्रद्धालु जुटेंगे। जिसके चलते सेवा समर्पण समिति दुर्ग द्वारा भव्य तैयारियां की जा रही है। श्रद्धालुओं के बैठने के लिए भव्य डोमशेड निर्माण कराए जा रहे हैं। जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु एक साथ बैठकर कथा श्रवण का पुण्य लाभ ले सकेंगे।

कथा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की अव्यवस्था का सामना न करना पड़े, इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की है। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि साधु-संत सनातन को लेकर जागृति फैला रहे है। यह आयोजन भौतिकता के साथ अध्यात्म और राष्ट$ के प्रति समर्पण व मान-सम्मान की भावना का भाव जगाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।

कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड अध्यक्ष और सेवा समर्पण समिति के संयोजक राकेश पाण्डेय ने बताया कि सेवा समर्पण समिति पिछले 8 वर्षों से समाजसेवी व धार्मिक कार्यों में अग्रणी है। दिव्य श्री हनुमंत कथा का आयोजन समिति के लिए बड़ा अवसर है। श्री पांडेय ने बताया कि कथा के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क भोजन की व्यवस्था होगी। यह भोजन व्यवस्था करीब 10,000 श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन रहेगी।

आयोजन को सर्वसमाज का सहयोग मिल रहा है। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव और कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोउद्योग बोर्ड अध्यक्ष राकेश पांडेय ने श्रद्धालुओं से दिव्य श्री हनुमंत कथा में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।


अन्य पोस्ट