दुर्ग
दुर्ग, 13 दिसंबर। घर में ताला लगाकर कांकेर जाना प्रार्थी को भारी पड़ गया। मौके का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपी ने घर का ताला तोडक़र जेवरात एवं रकम की चोरी कर ली। प्रार्थी की शिकायत पर मोहन नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305, 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी प्रीतम सिंह ठाकुर सेंटर होटल में मैनेजर के पद पर काम करता है और वह वार्ड 17 कादंबरी नगर में स्वयं के मकान में रहता है। उसकी पत्नी कांकेर में पदस्थ है, जिससे मिलने के लिए वह 7 दिसंबर को अपने घर में ताला बंद करके चला गया था। 10 दिसंबर को उसके पड़ोसी ने फोन करके बताया कि घर का ताला टूटा हुआ है। जानकारी मिलते ही प्रार्थी वापस अपने घर पहुंचा तो देखा में दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर कमरे में रखे लोहे की अलमारी का ताला तोडक़र अज्ञात आरोपी ने सोने चांदी के जेवरात एवं नगदी रकम की चोरी कर ली। इसके बाद प्रार्थी ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।


