दुर्ग

महिला ठेका मजदूर की मौत, प्रबंधन के खिलाफ अपराध दर्ज
10-Dec-2025 3:27 PM
महिला ठेका मजदूर की मौत, प्रबंधन के खिलाफ अपराध दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 10 दिसंबर। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के ओएचपी परिसर में काम करने के दौरान हादसे में महिला श्रमिक की मौत मामले में भिलाई भ_ी पुलिस ने बीएसपी प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार 5 दिसंबर को पुष्पा साहू (41) निवासी ग्राम रिसामा ओएचपी के हाफ एरिया वागन टिपलर नंबर-4 के नीचे पॉइंट पर सफाई का काम कर रही थी। इस दौरान ऊपर लगे लोहे के पाइप का एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा। यह पाइप लंबे समय से जंग खाकर जर्जर हो चुका था। उसके भीतर मिट्टी और डस्ट भरी होने के कारण वह भारी हो गया था। तेज आवाज के साथ पाइप सीधे पुष्पा साहू के सिर पर गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें मेन मेडिकल पोस्ट पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें सेक्टर-9 अस्पताल रेफर किया गया। सेक्टर-9 अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। भ_ी टीआई राजेश साहू ने बताया कि मर्ग जांच पूरी होने के बाद थाना भिलाई भट्टी पुलिस ने इस मामले में बीएसपी प्रबंधन के खिलाफ धारा 106 और 289 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।


अन्य पोस्ट