दुर्ग

शादी का दबाव बनाने पर रची थी हत्या की साजिश, प्रेमी निकला हत्यारा
10-Dec-2025 3:25 PM
शादी का दबाव बनाने पर रची थी हत्या की साजिश, प्रेमी निकला हत्यारा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 10 दिसंबर। दुर्ग पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझा लिया। प्रेमिका उर्मिला द्वारा शादी का दबाव बनाने पर आरोपी ने 15 दिनों में हत्या की साजिश रची गई। इसके बाद आरोपी ने उर्मिला को सुनसान जगह पर ले जाकर उसकी हत्या की और शव को जलाने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

सेक्टर-6 स्थित पुलिस कंट्रोल रुम में दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने पत्रवार्ता में बताया कि सोमवार सुबह पुलिस को ग्राम पुरई में नहर के पास खेल मैदान में एक अज्ञात महिला का पैरा से अधजला शव मिला। सूचना पर पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पाटन उप पुलिस अधीक्षक (क्राइम), एफएसएल टीम डाग स्क्वाड़ एसीसीयू की टीम व थाना प्रभारी दल बल के साथ मौक पर पहुंचे।  पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर को चुनौती के रूप में लिया। मामले की जांच के लिए 6 टीमों गठित की गई। पतासाजी के दौरान जानकारी हुई कि सुपेला थाना में 8 दिसंबर को गौतम नगर निवासी उर्मिला निषाद की गुमशदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। गुमशुदगी की सूचना देने वाले विजय बांधे से पूछताछ करने पर वह अपना बयान बार-बार बदल रहा था। इस पर उसकी गतिविधियां संदिग्ध नजर आई।

आरोपी से कड़ाई से पूछताछ करने पर बताया कि वह केटरिंग का काम करता है। गुमशुदा उर्मिला भी उसके साथ पिछले 2-3 वर्ष से केटरिंग का काम कर रही थी। काम के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई। इसके बाद वह शादी के लिए दबाब बनाने लगी, जबकि वह खुद शादीशुदा था। उसकी पत्नी गर्भवती थी। उर्मिला की वजह से उसके परिवारिक जीवन में तनाव रहने लगा और आर्थिक तंगी बनी रहती थी। उनमें पैसों के लेनदेन का विवाद भी होता था। आरोपी ने उर्मिला से पीछा छुड़ाने सुपेला हार्डवेयर लाइन में धारदार चापड खरीदा,मरपोटी पेट्रोल पंप से प्लास्टिक पानी की बोतल में पेट्रोल लिया। आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि 7 दिसंबर की शाम करीब 7 बजे वह उर्मिला के घर पहुंचा और पाटन में शादी पार्टी में काम पर जाना है कहकर बाइक पर साथ ले गया। उतई पहुंचकर मोमोज चाइनिज पकौड़ा पैक कराया फिर पुराई में सुनसान नहर के पास मैदान में ले गया। मोमोस खाने के दौरान मृतका उससे विवाद करने लगी। इस पर उसने अपने पास रखे चापड़ से उसके गले पर वार कर दिया। उसके जमीन पर गिरते ही उस पर पेट्रोल डाल कर आग लगा दी। घटना के अगले दिन उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। पत्रवार्ता में एएसपी अभिषेक  झा,क्राइम डीएसपी एलेक्जेडर किरो,उतई टीआई महेश धु्रव उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट