दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 8 दिसंबर। नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पांडेय ने जोन 1 (नेहरू नगर) के अंतर्गत चल रहे महत्वपूर्ण विकास कार्यों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने सीवरेज लाइन के कार्य, उद्यानों की स्थिति और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन मकानों का अवलोकन किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निगम आयुक्त नेहरू नगर पूर्व में चल रहे सीवर लाइन के कार्यों का निरीक्षण किये। उन्होंने कार्य में आ रही समस्याओं के त्वरित समाधान और कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रस्तावित सीवरेज लाइन के लेआउट का भी अवलोकन किया।
आयुक्त ने नेहरू नगर पूर्व स्थित पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी उद्यान और लाल बहादुर शास्त्री उद्यान का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वूमेन फॉर ट्री स्कीम के तहत लगाए गए प्लांटेशन पौधों का अवलोकन किया और उनके रखरखाव की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने उद्यानों में उपस्थित आस-पास के सेवानिवृत्त अधिकारियों और वरिष्ठ नागरिकों से चर्चा की। उन्होंने निगम के विभिन्न कार्यों को
सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए जनसहयोग की महत्ता पर बातचीत की और नागरिकों से सहयोग की अपील की।
शास्त्री उद्यान जिसका नि:शुल्क रखरखाव रोटरी क्लब द्वारा किया जा रहा है, वर्तमान स्थिति से असंतुष्ट होते हुए रोटरी क्लब के अध्यक्ष से निगम आयुक्त तत्काल चर्चा किये और व्यवस्था में सुधार हेतु निर्देशित किए हैं। निगम आयुक्त ने सूर्या मॉल के पीछे की कॉलोनी में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन मकानों का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया। साथ ही, नव निर्माण हेतु उपलब्ध रिक्त स्थल का भी निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान जोन आयुक्त अजय राजपूत, संजय अग्रवाल, कुलदीप गुप्ता, पुरुषोत्तम सिन्हा एवं दीपक देवांगन, कमलेश द्विवेदी सहित निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


