दुर्ग

एक लाख क्विंटल से अधिक धान उठाव के लिए डीओ जारी
08-Dec-2025 4:49 PM
एक लाख क्विंटल से अधिक धान उठाव के लिए डीओ जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 दिसंबर।
जिले की 87 सहकारी समितियों अंतर्गत 102 उपार्जन केन्द्रों में साढ़े ग्यारह लाख क्विंटल धान जाम है। उपार्जन केन्द्रों में जाम उक्त धान की उठाव अब जाकर शुरू हुआ है। कुल 1 लाख 7 हजार 206  क्विंटल धान की उठाव के लिए डीओ जारी हो चुका है। इनमें 10930 क्विंटल धान का उठाव हो गया। वहीं जारी डीओ के विरुद्ध 96276 क्विंटल का उठाव शेष है।

जानकारी के अनुसार जिले में जारी खरीफ में धान विक्रय के कुल 1 लाख 13 हजार 404 किसान पंजीकृत है। जिनसे लगभग 61 लाख 64 हजार 350 क्विंटल धान खरीदी का अनुमान है। इनमें अब तक 21 हजार 945 किसानों से 11 लाख 58 हजार 268 क्विंटल धान खरीदी हो चुकी है। कई समितियों से धान उठाव के लिए मांग भी उठने लगी है जिसके मद्देनजर धान उठाव का कार्य शुरू कर दिया गया है ताकि जाम धान की वजह से खरीदी प्रभावित नहीं होने पाए। जिले में अब तक किसानों से 274 करोड़ 71 लाख रुपए की धान खरीदी हो चुकी है। समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान की किसानो को भुगतान के लिए विपणन संघ से 270 करोड़ 79 लाख रूपए प्राप्त हुए हैं, इनमें से किसानों के खाते में 243 करोड़ 8 लाख 53 हजार रुपए का भुगतान हो चुका है।


अन्य पोस्ट