दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 दिसंबर। रविवार की सुबह खैरागढ़-धमधा मुख्य मार्ग परसकोल चौक के पास तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार अधेड़ को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक ट्रक के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गई। हादसे के बाद भी ड्राइवर ने वाहन रोकने की बजाय स्पीड और बढ़ा दी। बताया जा रहा है कि ड्राइवर भागने की फिराक में ट्रक को और तेज भगा रहा था, इससे शव और भी ज्यादा क्षत-विक्षत हो गया। लेकिन बाइक गाड़ी में बुरी तरह फंसी होने के कारण ट्रक को रोकना पड़ा। इसी बीच ड्राइवर मौके का फायदा उठाकर वाहन को सडक़ किनारे छोडक़र फरार होने की कोशिश कर रहा था। लेकिन स्थानीय लोगों ने घेराबंदी कर ट्रक ड्राइवर को पकड़ लिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत धमधा थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन व ट्रक ड्राइवर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। धमधा टीआई युवराज साहू ने बताया कि मृतक जालबांधा निवासी घनाराम वर्मा (60वर्ष) के रुप में शिनाख्त की गई है। इस मामले में पुलिस जांच कर रही है।


