दुर्ग

दो बाइक के बीच सीधी टक्कर, एक की मौत दो घायल
08-Dec-2025 3:17 PM
दो बाइक के बीच सीधी टक्कर, एक की मौत दो घायल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 8 दिसंबर। अंडा थाना अंतर्गत सडक़ हादसे में एक टेक्नीशियन की मौत हो गई। रिसामा गांव में शनिवार की शाम दो तेज रफ्तार बाइक की आमने-सामने की टक्कर हुई।

एक बाइक पर उत्तम चंद्राकर (38) थे जिनकी मौत हो गई। घायल युवक को दुर्ग जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज जारी है। अंडा पुलिस ने बताया कि 6 दिसंबर की शाम करीब 4 बजे के करीब ग्राम रिसामा स्थित एमएस फ्यूल्स के पास एक मोड़ पर हुई। विनायकपुर (अंडा) के रहने वाले उत्तम चंद्राकर अपने हेल्पर टीलेश साहू के साथ ग्राम घुपसीडीह में विभागीय काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। तभी रिसामा निवासी मिथिलेश यादव अपने एक साथी के साथ रॉन्ग साइड  तेज रफ्तार में आया और सीधे उत्तम चंद्राकर की बाइक से टकरा गया।  टक्कर इतनी भीषण थी कि हेलमेट पहने होने के बावजूद उत्तम चंद्राकर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि टक्कर मारने वाला युवक नशे में थे। हादसे के बाद मिथिलेश गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला।

जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। हादसे के तुरंत बाद हेल्पर टीलेश ने मृतक उत्तम के छोटे भाई चंद्रहास चंद्राकर को फोन पर सूचना दी। परिवारजन घटनास्थल पर पहुंचे और उत्तम को तत्काल दुर्ग जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अंडा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट