दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 दिसंबर। प्रदेश में भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने और दुर्ग शहर के विधायक निर्वाचित होने के बाद शहर विकास के लिए हुए कार्यों का ब्यौरा आज पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रस्तुत किए।
स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि विधायी मंत्री, गजेन्द्र यादव ने कहा कि दुर्ग को विकसित बनाने की दिशा में निरंतर कार्यरत है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में दुर्ग विधानसभा में खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित नगर विकास को लेकर दो साल में करोड़ों की राशि शासन से स्वीकृति मिली है, जो दुर्ग की जनता का भाजपा पर विश्वास का परिणाम है। दुर्ग में विकास सितारा जडऩे आईटी पार्क, बीसीसीआई मैदान को स्थापित करने कार्य जारी है।
उन्होंने बताया कि दुर्ग शहर के जनता के मांग के अनुरूप बुनियादी सुविधाओं को बढ़ावा देने लगातार कार्यरत है। खेल की दिशा में बैडमिंटन कोर्ट का लोकार्पण तथा स्विमिंग पुल और उरला स्टेडियम निर्माण अंतिम चरण पर है, 20 से अधिक स्थान पर सार्वजनिक मंच में डोम शेड, शासकीय स्कूलों में संधारण, किसान भवन, शादी ब्याह जैसे बड़े आयोजन के लिए कई वार्ड में करोड़ों की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण जारी है। आवागमन को बेहतर बनाने दुर्ग निगम क्षेत्र के लगभग सभी वार्ड सीमेंटीकरण सडक़ पानी निकासी को बेहतर बनाने नाली निर्माण जारी है। दुर्ग विधानसभा क्षेत्र मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ ही कला संगीत और धार्मिक- सांस्कृतिक धरोहर के संर्वधन के तहत शहर के आस्था का प्रतीक मां चण्डी मंदिर और बैगापारा शीतला मंदिर की भव्यता को बढ़ाने विकास कार्य की नींव रखी गई है।
दुर्ग विधानसभा में पेयजल को बेहतर बनाने शहर के 4 स्थानों पर शुद्ध आरओ वाटर मशीन की स्थापना, फिल्टर प्लांट 42 एमएलडी में सिविल कार्य एवं 24 तथा 42 एमएलडी के इनर पैनल को आउटडोर करने का कार्य 68.97 लाख की लागत निर्माण किया जा रहा है। जिससे नागरिकों को शुद्ध पेयजल आपूर्ति हो सके। अमृत मिशन अंतर्गत 18873.60 लाख की लागत से पानी टंकी स्थापना, नल कनेक्शन, पौधा रोपण, पाइपलाइन विस्तार, उद्यान निर्माण कराया जाना है। इसके अलावा शहर के 04 स्थान पर 2 करोड़ की लागत से उद्यान निर्माण किया जाना है। 5 स्थान पर बोरखनन कार्य।
दुर्ग वासियों को रात्रि में सुरक्षित आवागमन हेतु बिजली पोल में लाइट्स लगाने विधायक निधि से 1 करोड़ 16 लाख की स्वीकृति। नये बसाहट वाले कॉलोनी में 1400 से अधिक बिजली पोल सह लाइन विस्तार कार्य जारी है, साथ ही विद्युत लोड को बढ़ाने 20 स्थान पर नये ट्रांसर्फामर की स्थापना की गई है। इसके अलावा 36 लाख की लागत से शहर के 6 स्थान पर हाई मास्क लाईट एवं 10 स्थान पर सोलर हाई मास्ट लगाया जा रहा है।
सडक़ का चौड़ीकरण
दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न सडक़ों का चौड़ीकरण करने शासन से करोड़ों की राशि स्वीकृति मिल गई है। शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और सडक़ दुर्घटना को नियंत्रित करने और आवागमन को सुरक्षित बनाने सडक़ का चौड़ीकरण के प्रस्ताव को शासन से मंजूरी मिल गई है। चंडी मंदिर रोड निर्माण व चौड़ीकरण, जेल तिराहा से मिनी माता चौक पुलगांव तक फोरलेन, महाराजा चौक से बोरसी चौक तक फोरलेन, राजेन्द्र पार्क चौक से शहीद चौक होते हुए आईएमए चौक तक फोरलेन, साईंस कॉलेज जीई रोड से स्टेशन रोड निर्माण कार्य, स्टेशन रोड से शहीद चौक तक फोरलेन निर्माण हेतु 1 अरब 5 करोड़ 76 लाख की स्वीकृति शासन से मिल चुकी है।


