दुर्ग

बकाया किराया नहीं चुकाया, दुकान सील
07-Dec-2025 7:46 PM
बकाया किराया नहीं चुकाया, दुकान सील

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 7 दिसंबर। नगर निगम ने शहर में वर्षों से किराया बकाया रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त रवैया अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है।

इसी कड़ी में  महापौर अलका बाघमार और आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देश पर बाजार विभाग और अतिक्रमण अमले ने अग्रेसन चौक स्थित महात्मा गांधी मार्केट व्यस्थापक सहकारी समिति की दुकान को सील कर दिया। निगम की जांच में पाया गया कि संबंधित दुकान पर कुल 50,106 रुपये का किराया लंबे समय से बकाया था। बार-बार नोटिस देने के बावजूद राशि जमा न करने पर निगम ने कड़ी कार्रवाई करते हुए दुकान को सीलबंद कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि लाखों रुपये का बकाया कई दुकानदारों पर वर्षों से लंबित है।

कार्रवाई के तहत निगम की टीम अग्रेसन चौक स्थित महात्मा गांधी मार्केट पहुंची और संबंधित दुकान पर ताला जड़ दिया। निगम ने स्पष्ट किया कि अब बकाया किराया दबाकर रखने वाले दुकानदारों पर सख्त कार्रवाई अनिवार्य रूप से की जाएगी।

सीलिंग कार्रवाई में बाजार विभाग अधिकारी अभ्युदय मिश्रा के नेतृत्व में अतिक्रमण अधिकारी परमेश्वर कुमार, सहायक राजस्व निरीक्षक ईश्वर वर्मा, सहायक राजस्व निरीक्षक शशिकांत यादव सहित पूरा अमला मौके पर मौजूद रहा। आयुक्त सुमित अग्रवाल ने कहा कि निगम के मार्केट और गुमटियों का किराया दबाकर बैठे बकायादारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी दुकानदारों को समय पर किराया जमा करने की अपील की, अन्यथा इसी प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


अन्य पोस्ट