दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 4 दिसंबर। धान खरीदी की धीमी गति से परेशान किसान भडक़े हुए हैं। इन परेशान किसानों ने आज छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन के आह्वान पर दमोदा नगपुरा एवं बोरी के धान खरीदी केन्द्रों में एक साथ प्रदर्शन किया।
हर समिति में खरीदी की लिमिट को बढ़ाकर 3 हजार क्विंटल प्रतिदिन करने मांग की है। किसानों के इस प्रदर्शन से धान खरीदी का कार्य आंशिक रूप से प्रभावित हुआ। किसानों का कहना है कि वर्तमान में शासन द्वारा खरीदी को 8 सौ क्विंटल प्रतिदिन तक सीमित रखा गया है और इसी निर्धारित लिमिट के अनुसार ही किसानों को टोकन जारी किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन ने प्रतिदिन धान खरीदी की लिमिट को बढ़ाकर 3 हजार क्विंटल करने और रबी फसलों के लिए नगद ऋण, खाद और बीज तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की है।
दमोदा ,नगपुरा सहित जिले के अन्य सोसायटियों में खरीदी लिमिट बढ़ाने, टोकन काटने में आ रही परेशानी एवं खाद बीज के लिए छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन के नेतृत्व में हुए प्रर्दशन के दौरान मौजूद अधिकारियों ने दो तीन दिन में समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने प्रदर्शन स्थगित किया। जब तक प्रदर्शन जारी था तब तक धान बेचने आये किसान भी समर्थन में धान खरीद की प्रक्रिया में शामिल नहीं हुए और वे आंदोलन कर रहे किसानों के साथ खड़े रहे।


