दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 30 नवंबर। प्रेस क्लब ऑफ कुम्हारी का 11वां वार्षिकोत्सव एवं सम्मान समारोह प्रेस क्लब सभागार में संम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में कुम्हारी नगर पालिकाध्यक्ष मीना वर्मा, अति विशिष्ट अतिथि शशांक शर्मा (अध्यक्ष छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी) एवं वरिष्ठ पत्रकार बाबूलाल शर्मा उपस्थित थे। कार्यक्रम के प्रारम्भ में अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित एवं सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम प्रारम्भ हुआ। अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि मीना वर्मा ने कहा कि नगर के लिए यह गर्व की बात है कि यहां ऐसी प्रतिभाएं मौजूद हैं और इनकी प्रतिभा को पहचानकर पत्रकारों ने आज इनका सम्मान किया इसके लिए सभी पत्रकारों को साधुवाद।
विशिष्ट अतिथि शशांक शर्मा ने कहा कि वाकई कुम्हारी के पत्रकार साथी इसके लिए बधाई के पात्र हैं जहां तक मैं जानता हूँ पत्रकार समाचारों का संकलन करता है और उसे प्रकाशन हेतु भेजता है लेकिन यहां के पत्रकार समाज से जुडक़र कार्य कर रहे हैं इसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। विशिष्ट अतिथि एवं वरिष्ठ पत्रकार बाबूलाल शर्मा ने कहा कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिभाओं को निकालकर उनका सम्मान कर उन्हें बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करना बेहद गर्व की बात है और कुम्हारी प्रेस क्लब के पत्रकार साथी इस काम को बखूबी अंजाम दे रहे हैं वे सभी बधाई के पात्र हैं इससे लोगों में समाज हित मे कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। अतिथि हितेश शर्मा ने इस प्रयास को अभूतपूर्व बताते हुए अन्य संगठनों को भी ऐसा करने की बात कही।
इस वर्ष शिक्षा के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए श्रीमती लता रघुकुमार, कला के क्षेत्र में राजेंद्र साहू, साहित्य के क्षेत्र में मुरारीलाल साव एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में विशिष्ट कार्य करने हेतु शैलेन्द्र खरे को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत मे अध्यक्ष विक्रम शाह ठाकुर ने कहा कि विगत 11 वर्षों से यह सिलसिला चलता आ रहा है समाज हित मे और समाज के लिए किए गए सराहनीय कार्यों के लिए हम लोगों का सम्मान करते आ रहे हैं यह हमारी ओर से उन विभूतियों के लिए एक छोटा सा प्रयास है ताकि इनके पदचिन्हों में चलकर और लोग भी समाज के लिए कार्य करने आगे आएंगे। इस आयोजन में बड़ी संख्या में पत्रकार एवं साहित्यकारों सहित नगर के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन सुरेश वाहने एवं रविन्द्र कुमार थापा ने किया। आभार अजय यादव ने प्रस्तुत किया।


