दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 29 नवंबर। नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने जोन-5 के अंतर्गत चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उद्यान, टेनिस कोर्ट, डोम शेड निर्माण स्थल सहित बीएसपी क्षेत्र के जर्जर क्वार्टरों का जायजा लिया और अधिकारियों को नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं का त्वरित लाभ सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आयुक्त एवं जोन आयुक्त अमरनाथ दुबे ने इस उद्यान का अवलोकन किया। उद्यान के भीतर निर्मित स्टेज के तत्काल संधारण का निर्देश दिया गया है। खिलाडिय़ों के लिए बने इस टेनिस कोर्ट का निरीक्षण कर आयुक्त ने इसे स्थानीय नागरिकों को सौंपने और उनके द्वारा इसका उचित रखरखाव सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इस उद्यान में किए गए पौधारोपण की उचित देखरेख सुनिश्चित करने को कहा गया।
उद्यान में खराब पड़े बोर के तत्काल संधारण और पौधों की सिंचाई नियमित रूप से करने के निर्देश दिए गए हैं।
समीपस्थ टेनिस कोर्ट में ग्राउंड की साफ-सफाई कराने को कहा गया ताकि खिलाडिय़ों को सुविधा मिल सके। प्रस्तावित नवीन डोम शेड निर्माण स्थल का निरीक्षण कर आयुक्त ने कार्य को नियमानुसार करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने बीएसपी क्षेत्र के जर्जर क्वार्टरों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इन स्थलों का उपयोग प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नए आवासों के निर्माण के लिए करने की संभावना पर चर्चा की और उपस्थित अधिकारियों को इस संबंध में बीएसपी से आवश्यक पत्राचार शीघ्र करने के निर्देश दिये। इस निरीक्षण के दौरान प्रिया करसे, श्वेता महेश्वर, तथा शंकर सुमन मरकाम सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


