दुर्ग

अलग-अलग जगह खड़ी गाडिय़ों की चोरी
28-Nov-2025 10:34 PM
अलग-अलग जगह खड़ी गाडिय़ों की चोरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 28 नवंबर।
शहर के विभिन्न थानों में वाहन चोरी के मामले लगातार दर्ज हो रहे हैं। जगह-जगह खड़ी वाहनों की दिनदहाड़े चोरी के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। अलग-अलग थाना क्षेत्र में वाहन चोरी मामले दर्ज किए गए हैं। सभी मामलों में पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच कर रही है।  
ग्राम चंगोरी अंजोरा थाना पुलगांव निवासी मानिक लाल देशमुख ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह खेती किसानी का काम करता है। 21 नवंबर को उसकी भांजी की नानी सास की मृत्यु होने पर वह अपनी मोटरसाइकिल सीजी 07 एवी 1171 में अपने भाई कमल देशमुख के साथ हरनाबांधा मुक्तिधाम दुर्ग काठी में गया हुआ था। उसने अपनी मोटरसाइकिल को हरना बांधा मुक्तिधाम के सामने लॉक करके खड़ी कर दिया था। थोड़ी देर बाद जब वह वापस आया तो देखा उसकी मोटरसाइकिल गायब थी। चोरी गए वाहन की कीमत 7000 रुपए आंकी गई है। प्रार्थी धनीराम धनकर ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह ब्रेकर मशीन चलाता है। 26 नवंबर की 10 बजे वह मोटरसाइकिल हीरो डीलक्स सी जी 04 एम एन3393 को उप पंजीयक कार्यालय के सामने लॉक करके खड़ी कर कार्यालय के भीतर काम करने चला गया था। दोपहर 12 जब वापस आया तो देखा उसकी मोटरसाइकिल खड़े किए जगह पर नहीं थी। दोनों ही मामले कोतवाली थाना में दर्ज किए गए हैं।
इसी तरह पार्टी वीरेंद्र सिंह राजपूत ने मोहन नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी स्वयं की किराना व अनाज की दुकान है। 25 नवंबर को वह भतीजे की शादी की बारात कार्यक्रम में शामिल होने अपनी होंडा एक्टिवा सीजी 07 सीजे 0475 में कुशाभाऊ ठाकरे भवन वार्ड 21 आया हुआ था। उसने अपनी एक्टिवा को धमधा रोड अजंता मार्बल के पास रात लगभग 8.30 बजे खड़ी कर हैंडल लॉक कर दिया था। बारात में शामिल होने के बाद रात लगभग 11.30 बजे वह जब घर जाने के लिए बाहर निकला तो देखा कि उसकी एक्टिवा गायब है। चोरी गए वाहन की कीमत 15000 रुपए आंकी गई है।


अन्य पोस्ट