दुर्ग

भिलाई में गोली चलाने वाले दो आरोपी झारखंड से गिरफ्तार
22-Nov-2025 1:24 PM
भिलाई में गोली चलाने वाले दो आरोपी झारखंड से गिरफ्तार

मामला सुपारी किलिंग का
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 22 नवंबर।
भिलाई के कैंप-2 निवासी युवक पर गोली चलाने वाले शूटर्स को पुलिस ने झारखंड से गिरफ्तार कर लिया है। 

एक सप्ताह पूर्व जामुल के घासीदास नगर इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने शाम को युवक पर फायरिंग की थी। गोली से युवक बाल-बाल बचा था। पुलिस ने इस मामले के मास्टरमाइंड करण साव समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था, लेकिन शूटर्स फरार हो गए थे।

इस मामले में पुलिस ने झारखंड से दो पेशेवर शूटरों को गिरफ्तार किया है, जो घटना के तुरंत बाद राज्य से फरार हो गए थे। इन दोनों में से एक आरोपी इस पूरी साजिश के मास्टरमाइंड करण साव का ममेरा भाई है और वह प्रतियोगी परीक्षा के लिए कई बार भिलाई आ चुका था।

14 नवंबर की शाम करीब 6.30 बजे जामुल के घासीदास नगर इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने भिलाई कैंप-2 निवासी विकास प्रजापति पर फायरिंग की थी। हालांकि गोली विकास को नहीं लगी, लेकिन यह हमला स्पष्ट रूप से सुपारी किलिंग की ओर इशारा कर रहा था। पुलिस ने तुरंत मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना जामुल में अपराध दर्ज किया और जांच शुरू की। 

शुरुआती दौर में पुलिस ने मास्टर माइंड करण साव समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस जांच में सामने आया कि पूरा मामला पुरानी रंजिश को लेकर है। 

गोलीकांड के बाद आरोपी अपने प्लान के मुताबिक जामुल से भिलाई-3 बाइक से गए और वहां से ऑटो पकडक़र रायपुर की तरफ भागे। गोलीकांड केस में पुलिस मास्टरमाइंड करण साव समेत 6 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। 

करण साव ने विकास प्रजापति की सुपारी झारखंड के 3 शूटर्स को दी थी। लेकिन निशाना चुकने से विकास की जान बच गई थी। अभी अरेस्ट किया गया बबलू उर्फ बडक़ा (27 वर्ष) उन्हीं 3 शूटर्स में एक है।

 

एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि दोनों शूटर्स से पूछताछ में पता चला कि आरोपी करण साव ने विकास प्रजापति की हत्या की पूरी प्लानिंग की थी। उसने अपने ममेरे भाई राजेश साव को साथ लिया और उसने बबलू उर्फ बडक़ा सहित दो अन्य लोगों को सुपारी देकर हत्या के लिए तैयार किया। करण ने इन सभी शूटरों को बुलाकर अपने गोदाम में ठहराया। पुलिस ने झारखंड से राजेश साव  झींगनगर हटिया, थाना बिहारशरीफ और बबलू उर्फ बडक़ा  जगन्नापुर, न्यू कॉलोनी रांची को गिरफ्तार कर लिया है।


अन्य पोस्ट