दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 नवंबर। सहकारी समिति कर्मचारी संघ के जिला दुर्ग ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने सहकारी समिति कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित कर समिति में कार्य ग्रहण करने की मंशा से अवगत कराया। साथ ही हड़ताली कर्मचारियों पर की गई कार्रवाई शून्य करने मांग की।
सहकारी समिति कर्मचारी संघ के जिला दुर्ग ने कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में कहा है कि छग राज्य सहकारी समिति कर्मचारी महासंघ/ छग धान खरीदी संविदा कंप्यूटर ऑपरेटर संघ रायपुर के आव्हान पर दुर्ग जिला के समस्त सहकारी समिति कर्मचारी 11 नवम्बर से अपनी मांगों को लेकर हडताल पर चले गये हैं।
उन्होंने कहा है कि चूंकि धान खरीदी का कार्य 15 नवम्बर से प्रारंभ हो गई है जो कि शासन की एक बहुत महत्वकांक्षी योजना है जिसकी महत्व को देखते तथा कृषक हित व लोक हित को ध्यान में रखते हुये दुर्ग जिला के समस्त सहकारी कर्मचारी हड़ताल को स्थगित कर कार्य पर वापस लौटने की मंशा रखते है। साथ ही उन्होंने कलेक्टर से आग्रह किया कि कर्मचारियों के उपर शासन प्रशासन द्वारा एस्मा के तहत किये गये एफआईआर को तथा बर्खास्तगी व निलंबित किये गये आदेशों को तत्काल प्रभाव से शासन प्रशासन शून्य करें।
संघ के पदाधिकारियों ने समस्त कर्मचारियों से अपील किया है कि 21 नवम्बर से वापस अपने पद के अनुसार कार्य को संपादित करे जो कर्मचारी अपने कार्य पर नहीं जाते है वो छग राज्य सहकारी समिति कर्मचारी महासंघ व छग धान खरीदी संविदा कंप्यूटर ऑपरेटर संघ रायपुर से पृथक होंगे। जिसकी जिम्मेदारी स्वयं की होगी। ज्ञापन सौंपने वालों में सहकारी समिति कर्मचारी संघ के जिला दुर्ग अध्यक्ष जागेश्वर साहू व अन्य पदाधिकारी शामिल थे।


