दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 16 नवंबर। प्रदेश के साथ दुर्ग जिले में किसानों का महापर्व धान खरीदी तिहार प्रारम्भ हो गया है।
सहकारी समिति मर्यादित चंदखुरी में सांसद विजय बघेल, ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर के आतिथ्य एवं जिले के प्रभारी सचिव सोनमणि बोरा, कमिश्नर एस.एन. राठौर, कलेक्टर अभिजीत सिंह और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ किया गया। सांसद, विधायक एवं अधिकारियों ने उपार्जन केंद्र में छत्तीसगढ़ महतारी और भगवान बलराम के छाया चित्र, तौल यंत्र का पूजा अर्चना दीप प्रज्ज्वलित व श्रीफल तोडक़र किसानों से धान खरीदी प्रारंभ किये। उपार्जन केंद्र चंदखुरी में किसान राजेन्द्र चंद्राकर, अखिल कुमार, भानु प्रताप, भगोली राम, ओमप्रकाश और विश्वनाथ से 507.86 क्विंटल धान की खरीदी की गई।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मौके पर धान बोरे का तौल एवं धान की नमी का माप किया। तौल में बोरे में धान का वजन 40 किलो 700 ग्राम औऱ नमी 13 प्रतिशत होना पाया गया। 15 नवम्बर से 31 जनवरी 2026 तक समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जाएगी। धान का किस्म पतला 2389.00 प्रति क्विटल, मोटा 2369.00 प्रति क्विटल एवं धान सरना 2369.00 प्रति क्विटल की दर निर्धारित की गई है।
जिले के 87 सहकारी समितियों के 102 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी होगी। प्रथम दिवस 34 उपार्जन केंद्र में 116 किसानों का टोकन धान बिक्री हेतु कटा है। इन केंद्रों में 6,678 क्विटल धान खरीदी की गई। धान खरीदी शुभारंभ पश्चात आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि सांसद श्री बघेल ने कहा कि सरकार द्वारा भुइया के भगवान किसान के लिए बनाए गए योजना के तहत धान खरीदी का शुभारंभ किये है।
उन्होंने सभी का अभिनन्दन करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार कि योजनाएं किसान हित में है। किसान की प्रगति के साथ देश और प्रदेश की विकास जुड़ा है। सरकार जो कहती है उसे पूरा करती है। विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी बेहतर व्यवस्था के साथ खरीदी होगी। भगवान बिरसा मुंडा के जन्म जयंती पर यह शुभ कार्य प्रारंभ हुआ है। उन्होंने सभी को शुभकामनाये दी। साथ ही सभी से सहयोग की अपेक्षा की। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने धान खरीदी हेतु जिले में क़ी गई व्यवस्था पर प्रकाश डाला। उन्होंने किसानों को शासन प्रशासन के तरफ से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। जिले के प्रभारी सचिव श्री बोरा ने भी सभी किसानों को इस अवसर पर शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम को सीसीबी के पूर्व अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन ने भी सम्बोधित किया।
इस अवसर पर एडीएम अभिषेक अग्रवाल, एसडीएम हरवंश सिंह मिरी एवं अन्य अधिकारीगण, समिति प्रबंधक किरण साहू, सरपंच कविता ठाकुर सहित किसान भाई बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


