दुर्ग
दुर्ग, 8 नवंबर। सेक्टर 5 स्थित मंदिर की दान पेटी का ताला तोडक़र बदमाश 55 हजार रुपए की नकदी चुरा ले गए। मंदिर के पुजारी की शिकायत पर भिलाई नगर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि सेक्टर 05 सडक़ 02 निवासी प्रार्थी एन.पी. राम मूर्ति ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह कामाक्षी मंदिर में पूजा पाठ का काम करता है। बुधवार को संध्या पूजा पाठ करने के बाद रात 8.30 बजे मंदिर में ताला बंद कर अपने घर चला गया था। गुरुवार की सुबह 7 बजे पूजा पाठ करने के लिए मंदिर पहुंचा तो देखा कि मंदिर के बाहर वाले दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। मंदिर में चोरी होने की शंका होने पर उसने समिति के महासचिव पापा राव, अध्यक्ष दिलेश्वर राव और कोषाध्यक्ष मानेश्वर राव समेत अन्य सदस्यों को कॉल करके घटना की जानकारी दी। उनके साथ मंदिर के अंदर जाकर देखा तो दान पेटी का ताला टूटा मिला, जिसमें रखे करीब 55 हजार रुपए गायब थे।


