दुर्ग

आपसी विवाद में युवक की हत्या, 5 आरोपी गिरफ्तार
08-Nov-2025 4:12 PM
आपसी विवाद में युवक की हत्या, 5 आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 8 नवंबर। थाना उतई क्षेत्र के ग्राम डूमरडीह स्थित विजय पांडेय के प्लाईवुड फैक्ट्री स्थित स्टाफ क्वार्टर में एक युवक की आपसी विवाद में आरोपियों ने मारपीट करने के बाद हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, लाठी, डंडा, मोबाइल व अन्य सामग्री को जब्त किया है।

थाना उतई पुलिस को प्रहलाद यादव निवासी काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर के पास जेके मोबाइल उरला थाना उरला जिला रायपुर में 6 नवंबर को सूचना दी कि सोनू कुमार, सिंटू कुमार और उसका भाई राहुल कुमार सभी निवासी जिला गया बिहार के रहने वाले हैं सभी लोग बिहार से आकर पिछले 1 वर्ष से विजय पांडेय प्लाईवुड फैक्ट्री डूमरडीह उतई में प्लाई बनाने का ठेका लिए थे। ठेकेदार सोनू कुमार का काम पूर्ण हो जाने से कंपनी के मालिक द्वारा 5 नवंबर की सुबह 11 बजे उनके किए गए काम का हिसाब करने के बाद उनकी कंपनी से वापस उन्हें भेज दिया था।

सोनू कुमार अपने भाई सिंटू कुमार तथा अन्य काम करने वाले श्रमिकों के साथ फैक्ट्री से कहीं दूर जाकर रहने लगा था। किंतु राहुल कुमार डूमरडीह उतई में रुका हुआ था। उसने अपने पास रखे मोटरसाइकिल को बस में रखकर अगले दिन बोकारो जाऊंगा कहा था। राहुल कुमार पांडेय प्लाईवुड फैक्ट्री डूमरडीह में स्टाफ क्वार्टर में रह रहा था। 5 नवंबर की रात में पुरानी बात को लेकर राहुल कुमार के साथ अटल पांडेय, राहुल सिंह, अक्षय यादव, अमरनाथ प्रजापति एवं अंजनी सिंह उर्फ मनीष कुमार ने गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मारपीट की।  आरोपियों ने लात घुसा, लाठी, डंडा से मारपीट किए।इसके बाद घायल अवस्था में राहुल कुमार को बस स्टैंड डूमरडीह के पास लाकर छोड़ दिया। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो राहुल कुमार की मौत हो चुकी थी। उसे अंदरूनी चोटे आई हुई थी, जिसके कारण उसकी मृत्यु हो गई। मर्ग कायम करने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश प्रारंभ की थी। पुलिस ने बताया कि पांडेय प्लाईवुड फैक्ट्री के साइट इंचार्ज अटल पांडे के साथ पूर्व में राहुल कुमार से काम की बात को लेकर विवाद हुआ था। कार्य स्थल पर राहुल कुमार साइट इंचार्ज अटल पांडेय की बात को नहीं मानता था तथा उससे बहस करता था। इस विवाद के चलते राहुल कुमार को अकेला देखकर पटेल पांडेय अपने साथियों के साथ मिलकर गाली गलौज कर धमकी देते हुए लाठी, डंडे से राहुल को चोट पहुंचाई और उसकी हत्या कर दी।

 

पुलिस ने बताया कि आरोपी अटल पांडेय प्लाईवुड फैक्ट्री के मलिक विजय पांडेय के भाई का साला है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अटल पांडे उर्फ प्रदीप पांडे 35 वर्ष निवासी जिला प्रतापगढ़ उत्तर प्रदेश, अंजनी सिंह उर्फ मनीष कुमार जिला मिर्जापुर उत्तर प्रदेश, अमरनाथ प्रजापति जिला गोरखपुर उत्तर प्रदेश, राहुल सिंह 35 वर्ष जिला चित्रकूट उत्तर प्रदेश, अक्षय कुमार जिला पटना बिहार सभी आरोपी हाल मुकाम पांडेय प्लाईवुड फैक्ट्री परिसर डूमरडीह थाना उतई दुर्ग को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेजा गया है।


अन्य पोस्ट