दुर्ग
20 लाख का किया था गबन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 नवंबर। महिला स्व सहायता समूह द्वारा जमा किए गए रकम का गबन आरोपिया महिला द्वारा किया गया है। दो प्रार्थिया ने पुलगांव थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल में दाखिला किया गया। पुलिस आरोपिया के खिलाफ धारा 406, 420 के तहत अपराध दर्ज की है।
प्रार्थिया हेम कल्याणी साहू निवासी ग्राम कोटनी ने मनीता निषाद निवासी ग्राम कोटनी के विरुद्ध धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कराते हुए पुलिस को बताया कि ग्राम कोटनी में केंद्र सरकार द्वारा संचालित बिहान योजना अंतर्गत 9 महिला स्व सहायता समूह के राशि का गबन किया गया है। सरकार द्वारा बनाई गई योजना के लिए आहरण की गई राशि को ग्राम की ही मनीता निषाद जो कि बुक कीपर के पद पर है समूह द्वारा लोन पर उठाई गई राशि को किस्त में नगद मनीष निषाद के माध्यम से जमा करने भेजा करते थे, किंतु मनीता निषाद द्वारा उस राशि को छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक नगपुरा में जमा नहीं की गई।
आहरण की गई राशि को तय समय में जमा करना होता है जो कि मनीता निषाद द्वारा जमा नहीं की गई। राशि जमा न होने के कारण समूह के लिए एक नोटिस जारी हुआ तब समस्त महिला स्व सहायता समूह को इसकी जानकारी मिली। आरोपिया ने 9 महिला स्व सहायता समूह के महिलाओं के 6,19,420 रूपये का गबन किया है।
प्रार्थिया ने पुलिस को बताया कि गबन कर्ता महिला मनीता निषाद को गांव के बैठक में बुलाकर गबन की राशि वापस करने के लिए समय दिया गया था, लेकिन रुपए वापस करने के बजाय 4 मार्च 2024 को वह घर से कहीं चली गई थी। इसके बाद लगभग 17 माह बाद वह गांव वापस आई है। आरोपिया ने सरस्वती स्व सहायता समूह से 60 हजार रुपए, मां बगदई महिला स्व सहायता समूह से 1,44,000 रुपए, लक्ष्मी महिला स्व सहायता समूह से 40 हजार रुपए, एकता महिला स्व सहायता समूह से 1,92,000 रुपए, सखी महिला स्व सहायता समूह से 10,400 रुपए, धनलक्ष्मी स्व सहायता समूह से 33 हजार रुपए, दुर्गा महिला स्व सहायता समूह से 87,720 रुपए, गरिमा महिला स्व सहायता समूह से 20,000 रुपए, प्रज्ञा महिला स्व सहायता समूह से 32,300 की राशि का गबन किया है।
इसी तरह प्रार्थिया दिव्या साहू निवासी ग्राम कोटनी नव जागृति समूह की अध्यक्ष है। उसने पुलगांव थाना में शिकायत दर्ज कराई कि मनीता निषाद निवासी ग्राम कोटनी के द्वारा ग्राम पंचायत कोटनी के 10 महिला स्व सहायता समूह का केंद्र सरकार द्वारा संचालित बिहान योजना अंतर्गत 10 महिला स्व सहायता समूह की राशि का गबन किया गया है। आरोपिया मनीता निषाद द्वारा 10 महिला स्व सहायता समूह के महिलाओं के 13,87,500 रुपए का गबन किया गया है। दोनों ही मामले में शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


