दुर्ग

ट्रक की ठोकर से महिला की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
13-Oct-2025 4:10 PM
ट्रक की ठोकर से महिला की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 13 अक्टूबर। पुलगांव थाना अंतर्गत चंदखुरी गांव में राइस मिल में काम करने वाले महिला कचरा फेंकने के लिए राइस मिल से बाहर निकली कि तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद डाला।

 इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने देर रात शव को सडक़ पर रखकर चक्का जाम किया। इसके बाद रविवार सुबह भी दोबारा से ग्रामीण विरोध में सडक़ पर आ गए। पुलिस अधिकारियों ने बड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को शांत कराया। पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर ने बताया कि उत्तर साहू पति लेख राम साहू (37 वर्ष) चंदखुरी स्थित जिंदल राइस मिल में काम करती थी। शनिवार शाम को करीब 5 बजे कचरा फेंकने के लिए कंपनी के गेट से बाहर निकाली ही थी, तभी सडक़ पर आ रहे तेज रफ्तार ट्रक का चालक गाड़ी को लापरवाही पूर्वक चलाते हुए लाया और सडक़ पार रही उत्तर साहू को कुचल दिया।

 इस हादसे में महिला कर्मी की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन को लेकर फरार हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर स्टेट हाइवे पर जाम लगा दिया। इस दौरान पुलिस के पहुंचने पर भी शव को घटना से हटाने नहीं दिया। स्थिति बिगड़ता देख तुरंत मौके पर वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए। उन्होंने किसी तरह लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाया।

इसके बाद ही पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतका के भाई रोशन साहू (35 वर्ष) की रिपोर्ट पर पुलगांव पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। जानकारी के अनुसार रविवार को भी स्थानीय लोगों ने दोबारा से जाम लगाने की कोशिश की।


अन्य पोस्ट