दुर्ग

खाद्य आयोग के अध्यक्ष ने राशन दुकानों और आंबा का किया निरीक्षण
11-Oct-2025 6:15 PM
खाद्य आयोग के अध्यक्ष ने राशन दुकानों  और आंबा का किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 11 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।

बैठक से पूर्व श्री शर्मा ने आंगनबाड़ी केंद्रों और राशन दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान आयोग के सदस्य सचिव राजीव जायसवाल, सदस्य राजेन्द्र महिलांगे, खाद्य निज सचिव डॉ. सूरज दुबे उपस्थित थे।

श्री शर्मा ने अरिहंत महिला मंडल और कुथरेल ग्रामीण की राशन दुकानों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केन्द्र कुथरेल में दर्ज बच्चों की संख्या देखकर संतोष व्यक्त किया। राशन दुकान के आकस्मिक निरीक्षण में अरिहंत महिला मंडल राशन दुकान में आवश्यक सूचनाएं प्रदर्शित नहीं होने पर नाराजग़ी जाहिर की और संबंधित दुकान को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में उन्होंने विभागवार योजना और क्रियान्वयन की प्रगति का आकलन किया। महिला एवं बाल विकास विभाग अधिकारी ने बताया कि दुर्ग जिले में संचालित 8 बाल विकास परियोजनाओं के 1550 आंगनबाड़ी केन्द्रों में खाद्य आयोग के काल सेंटर नम्बर का प्रदर्शन किया गया है। श्री शर्मा नेे निर्देशित किया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों की संख्या और पोषण ट्रैकर में दर्ज आंकड़ों का मिलान किया जाए, ताकि वास्तविक उपस्थिति का आकलन हो सके।

उन्होंने राशन दुकानों की स्थिति पर असंतोष जताया। उन्होंने खाद्य निरीक्षकों को नियमित मॉनिटरिंग करने और निरीक्षण पंजी में प्रविष्टि सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही निरीक्षण प्रतिवेदन को खाद्य अधिकारी को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही फोर्टीफाईड चावल के लाभ एवं उपयोग की जानकारी के व्यापक प्रचार प्रसार करने एवं जानकारी चस्पा करने, शासकीय उचित मूल्य दुकानों में एपीएल एवं बीपीएल हेतु भण्डारित चावल को पृथक-पृथक भण्डारित करने को कहा। विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का निराकरण स्पष्ट एवं विस्तृत रूप से ऑनलाईन दर्ज करने के निर्देश दिए गए।


अन्य पोस्ट