दुर्ग
अवैध रूप से संचालित गैस एजेंसी को हटाया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 10 अक्टूबर। नगर पालिक निगम भिलाई जोन 04 शिवाजी नगर अंतर्गत श्रीराम चौक क्रिकेट मैदान, बीएसपी स्कूल, बालाजी नगर नाला, पानी टंकी खुर्सीपार मिनी स्टेडियम सहित इंडोर स्टेडियम का आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने निरीक्षण किए।
निगम आयुक्त एवं जोन आयुक्त अमरनाथ दुबे द्वारा खुर्सीपार श्रीराम चौक क्रिकेट मैदान का निरीक्षण किया गया। मैदान के बाहर पेवर ब्लाक व्यवस्थित करवाने सहायक अभियंता प्रिया करसे को निर्देशित किए साथ ही सडक़ किनारे शोभायमान पौधो का रोपण करने उद्यान अधिकारी तिलेश्वर साहू को निर्देशित किये हैं । बीएसपी गर्ल्स स्कूल का अवलोकन कर स्कूल परिसर मैदान का समतलीकरण करते हुए सौंदर्यीकरण करने निर्देशित किए हैं। लाइटिंग की सुविधाओं को दुरुस्त करने कहा गया है ताकि रात्रि में भी लोगों का वॉकिंग एवं व्यायाम हो सके।
निगम आयुक्त ने मिलिट्री, पैरामिलिट्री एवं पुलिस की तैयारी करने हेतु इस मैदान को उपयुक्त बताया । समीपस्थ अमृत मिशन से निर्माणाधीन उच्च स्तरीय क्षमता वाले पानी टंकी का अवलोकन किये । इस टंकी के निर्माण से खुर्सीपार क्षेत्र के लोगों को विशेष सुविधा मिलेगी। मार्च के अंतिम तक इस टंकी का निर्माण पूर्ण कर लिए जाने की उम्मीद है ।
बालाजी नगर में दुर्घटना को दृष्टिगत रखते हुए नाला के उपर ढक़े स्लैब खम्बों को व्यवस्थित करने निर्देशित किए हैं। आयुक्त द्वारा खुर्सीपार मिनी स्टेडियम का निरीक्षण किया गया। स्टेडियम के दुकानों को संचालित करने के लिए कुछ समय पूर्व रुचि की अभिव्यक्ति आमंत्रित की गई थी, किंतु कोई भी एजेंसी या व्यक्ति द्वारा भाग नहीं लिया गया । अत: नियमों में संशोधन करते हुए पुन: रुचि की अभिव्यक्ति जारी की जाएगी । पूर्व में जारी निविदा में प्रीमियम राशि जमा करना था किंतु नियम संशोधित करते हुए मात्र किराया लिया जाएगा। अभी तक इस 62 दुकान से निगम का कोई आय नहीं हो रही है। स्टेडियम के अंदर सुव्यवस्थित खेल परिसर है एवं बाहर विशाल पार्किंग है ।
आयुक्त के भ्रमण के दौरान वहां अवैध गैस एजेंसी संचालित किया जा रहा था, जिसे तत्काल हटवाने की कार्यवाही की गई। खुर्सीपार इंडोर स्टेडियम का अवलोकन किये, लोक निर्माण विभाग से चल रहे आवश्यक संधारण कार्य पूर्ण कराने निर्देशित किया गया है।


