दुर्ग
दावेदारों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सर्किट हॉउस में लगी रही भीड़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 10 अक्टूबर। दुर्ग जिला ग्रामीण, दुर्ग शहर और भिलाई जिला कांग्रेस अध्यक्ष के चयन के लिए एआईसीसी द्वारा संगठन चुनाव के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक अजय कुमार लल्लू ने बुधवार को स्थानीय सर्किट हॉउस में अध्यक्ष पद के दावेदारों, कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से वन टू वन चर्चा की।
इस दौरान दावेदारों और उनके समर्थकों ने श्री लल्लू के समक्ष स्पष्ट रुप से अपनी बातें रखी और अपने अपने चहेते नेताओं के दावों को मजबूत किया। दावेदारों एवं कांग्रेसियों से वन टू वन चर्चा के दौरान सर्किट हॉउस में कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जुटे। जिससे सर्किट हॉउस में गहमागहमी का माहौल रहा। बुधवार को दुर्ग संगठन चुनाव पर्यवेक्षक अजय कुमार लल्लू एवं सहायक पर्यवेक्षकों ने करीब 80 से ज्यादा कांग्रेसियों से रायशुमारी की। इन 80 कांग्रेसियों में दावेदारों के अलावा कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता भी शामिल रहे।
दुर्ग शहर अध्यक्ष पद के लिए बुधवार को करीब 30 से ज्यादा दावेदारों ने पर्यवेक्षक अजय कुमार लल्लू के समक्ष अपना पक्ष रखा और अपनी दावेदारी मजबूत की। इन दावेदारों में दुर्ग जिला कांग्रेस प्रवक्ता नासिर खोखर का नाम भी शामिल है। उन्होंने दुर्ग शहर अध्यक्ष पद के लिए मजबूती से अपना दावा पेश किया।
इस दौरान श्री खोखर द्वारा कांग्रेस सदस्य के रुप में संगठन की मजबूती के लिए किए गए कार्य और सामाजिक व धार्मिक क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों का बायोडाटा पीसीसी पर्यवेक्षक पूर्व विधायक यूडी मिंज को सौंपा। दुर्ग शहर से जिला अध्यक्ष के लिए कांग्रेस के 5 में से 4 ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार पाली, अजय मिश्रा, राजकुमार साहू,महिप सिंह भुआल ने भी दावेदारी की।


