दुर्ग

दीपावली में पटाखा बेचने निगम ने की तैयारी
08-Oct-2025 6:14 PM
दीपावली में पटाखा बेचने निगम ने की तैयारी

दुर्ग, 8 अक्टूबर।  नगर निगम द्वारा दीपावली पर्व के मद्देनजऱ फटाका विक्रय की अनुमति प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देशानुसार निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत फटाका दुकानों के लिए अस्थायी स्टॉल लगाने की व्यवस्था की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के पालन हेतु निगम ने नियम एवं शर्तें तय की हैं। इसके अनुसार, वार्ड 39 स्थित जे.आर.डी. स्कूल के पीछे मैदान में अस्थायी फटाका बाजार लगाया जाएगा, जहां पर अधिकृत व्यवसायियों को ही विक्रय की अनुमति दी जाएगी। निगम बाज़ार विभाग के अनुसार, इच्छुक व्यापारी 8 अक्टूबर तक आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके पश्चात 9 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे लॉटरी प्रणाली के माध्यम से स्टॉल का आबंटन किया जाएगा। प्रत्येक अस्थायी स्टॉल का आकार 10&15 फीट निर्धारित किया गया है तथा शुल्क 3,300 रुपये रखा गया है। संबंधित नियम-शर्तों का अवलोकन इच्छुक व्यापारी बाजार विभाग कार्यालय में कर सकते हैं। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि फटाका विक्रय केवल उसी स्थल पर और निर्धारित अवधि तक ही अनुमत होगा। नियमों का उल्लंघन करने पर कार्यवाही की जाएगी।

 


अन्य पोस्ट