दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 अक्टूबर। शहर के व्यस्ततम मार्गों में से एक चंडी चौक-उरला मार्ग पर स्थित मधुबन टेंट हॉउस के पास मंगलवार को हृदय विदारक हादसे में गयानगर निवासी एक मां और बेटी की मौत हो गई। हादसे में उनके शरीर के ऊपर से एक अनियंत्रित ट्रैक्टर की ट्रॉली गुजर गई। जिससे एक साल की मासूम बच्ची वामिका साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी 28 वर्षीय मां मोनिका साहू ने जिला अस्पताल में इलाज के कुछ देर बाद ही दम तोड़ दी। पति विकास साहू हादसे में बाल -बाल बच गए। उसे मामूली चोटे आई है।
मिली जानकारी के मुताबिक साहू दंपति अपनी पुत्री वामिका साहू को बुखार आने पर मंगलवार को डॉक्टर से चेकअप करवाने चंडिका हॉस्पिटल गयानगर की ओर बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। तब यह हृदय विदारक व दर्दनाक हादसा सामने आया। हादसे के लिए ट्रैक्टर ट्रॉली के लापरवाह चालक को दोषी बताया गया है। मिट्टी से भरा ट्रैक्टर ट्रॉली चंडी चौक से उरला की ओर जा रहा था, वहीं बाईक सवार साहू दंपत्ति चंडी चौक की ओर आ रहे थे। ट्रैक्टर ट्रॉली के चालक के अचानक ओव्हरटेक करने और मार्ग पर भीड़भाड़ होने से साहू दंपत्ति हड़बड़ाकर अचानक बाइक समेत सडक़ पर गिर गए और सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली के चपेट में आ गए।
बच्ची वामिका साहू और उसकी मां मोनिका साहू के शरीर के ऊपर से ट्रैक्टर ट्रॉली का पहिया गुजर गया,जिससे बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। मां ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बाईक चालक पति विकास साहू के मार्ग पर दूसरी तरफ गिरने से वह हादसे में बाल बाल बच गए। इस हृदय विदारक व दर्दनाक हादसे से क्षेत्र के लोगों में शोक के साथ आक्रोश का माहौल है।
हादसे की खबर पर मौके पर पहुंंची पुलिस द्वारा लापरवाह चालक को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक ट्रैक्टर ट्रॉली के चालक के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
वहीं हादसे की खबर पर क्षेत्र की पार्षद और नगर निगम में एमआईसी सदस्य लीना देवांगन, एमआईसी सदस्य नरेन्द्र बंजारे, पूर्व सभापति दिनेश देवांगन, पार्षद विजयंत पटेल तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल साहू दंपत्ति के मदद में जुटे रहे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने लोगों की मदद से हादसे में घायल मां और बेटी को प्रारंभिक उपचार के लिए तत्काल चंडिका हॉस्पिटल पहुंचाया, फिर उनके ही मदद व प्रयास से मां और बेटी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की गई, लेकिन हादसे में मां और बेटी को गंभीर चोटे आने से उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
बताया गया है कि हादसे में घायल विकास साहू टेड़ेसरा के एक फैक्ट्री में कार्य करता है। उसकी पत्नी व बेटी की मौत होने से साहू परिवार में शोक का माहौल है।


