दुर्ग
खाते में मिले 4.29 लाख के लेनदेन के सबूत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 6 अक्टूबर। म्यूल एकाउंट का उपयोग कर साइबर ठगी करने वाले एक आरोपी को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खाते में 4.29 लाख रुपए के लेनदेन के सबूत मिले हैं।
भिलाईनगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि उत्कर्ष स्माल फाइनेंस बैंक शाखा सुपेला के एक खाते में साइबर फ्रॉड से प्राप्त रकम जमा होने की सूचना समन्वय पोर्टल के माध्यम से पुलिस को मिली थी। जांच में पता चला कि खाते में 44,250 रुपये और 3,85,231 रुपये ठगी से प्राप्त रकम के रूप में जमा किए गए थे। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान मुकेश नायक (36 वर्ष)निवासी सेक्टर-04 सडक़ 16 के रूप में की। उसने जानबूझकर ऑनलाइन ठगी की रकम अपने खाते में प्राप्त कर 43,400 रुपये का अवैध धनलाभ अर्जित किया था। आरोपी के खिलाफ धारा 317(2), 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।


