दुर्ग

पढ़ी-लिखी बच्चियों को अच्छी नौकरी का झांसा, कंपनी मैनेजर सहित तीन गिरफ्तार
06-Oct-2025 9:47 PM
पढ़ी-लिखी बच्चियों को अच्छी नौकरी का झांसा, कंपनी मैनेजर सहित तीन गिरफ्तार

बोरसी में तथाकथित कंपनी खोल रखे थे आरोपी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 6 अक्टूबर। पढ़ी-लिखी बच्चियों को अच्छी नौकरी का झांसा देकर ट्रेनिग एवं रजिस्ट्रेशन,कंपनी के नाम पर ड्रेस,कंपनी के नामिनी, आईडी एवं ईन्शुरेन्स के लिये रुपए ऐंठकर ठगी करने वाले तथाकथित कंपनी मैनेजर सहित तीन आरोपियों को पद्मनाभपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि 3 अक्टूबर को प्रार्थिया ने पद्मनाभपुर थाना में  लिखित शिकायत आवेदन प्रस्तुत किया कि उसके घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने से प्राइवेट नौकरी की तलाश कर रही थी। अप्रैल माह में सहेली के माध्यम से पता चला कि दुर्ग जिला बोरसी के कदम प्लाजा में गुडवे इंडियन फैशन प्राइवेट लिमिटेड नाम से संस्था चल रही है तो उसमें जॉब ले रहे हैं। अपनी सहेली के माध्यम से 9 अप्रैल को उसने सम्पर्क किया।

गुडवे इंडियन फैशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के ब्रांच मैनेजर सत्यम पटेल, साहिल कश्यप, रामभरोष साहू से संपर्क करने पर मैनेजर ने प्रार्थिया तथा प्रार्थिया की अन्य सहेलियों से ट्रेनिंग व रजिस्ट्रेशन के लिये 3-3 हजार लिए। कंपनी के नाम पर ड्रेस, कंपनी के नामिनी, आईडी एवं ईन्शुरेन्स के लिये सभी से 46-46 हजार रुपए जमा कराए गए।

 ब्रांच मैनेजर एवं अन्य के रकम जमा कराने, कंपनी में नौकरी लगाने का झांसा देकर प्रार्थिया के साथ धोखाधड़ी करने वाले ब्रांच मैनेजर एवं अन्य के विरूद्ध कानूनी कार्रवाई के लिए लिखित आवेदन पर आरोपियों के विरूद्ध धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया। विवेचना के दौरान आरोपी राम भरोष साहू ( 22 वर्ष) निवासी जिला कवर्धा, सत्यम पटेल (23 वर्ष ) जिला जबलपुर  व साहिल कश्यप (25 वर्ष) निवासी ग्राम सेलर बिलासपुर को पकडक़र पूछताछ करने पर अपराध करना स्वीकार किया।

 


अन्य पोस्ट