दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 26 सितंबर। शिवनाथ नदी में कल मॉकड्रिल का आयोजन किया गया।
नगर सेना विभाग द्वारा जिला स्तर पर उपलब्ध समस्त बाढ़ बचाव सामग्रियों का मॉकड्रिल किया गया। कलेक्टर ने राज्य आपदा मोचन दल की तैयारियों की सराहना की। जिले के लिए नियुक्त इंसिडेंट कमाण्डर एडीएम अभिषेक अग्रवाल के कमांड मिलते ही एसडीआरएफ/एनडीआरएफ की टीम बाढ़ प्रभावितों को बचाने उफनती नदी में उतरे और सभी को सकुशल बचाया। मॉकड्रिल में अतिवृष्टि के दौरान शिवनाथ नदी में ग्रामीणजन लकड़ी या छोटे-छोटे बोट के माध्यम से नदी पार करते समय बोट पल्टी हो जाने एवं गांव में पानी भर जाने की स्थिति में किस प्रकार से जिले में उपलब्ध मोटर बोट, स्क्यूबा डायविंग, अंडरवाटर कैमरा, लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय आस्का लाइट, पेलिकन लाइट, सर्च लाइट विभिन्न प्रकार के वस्तुओं का प्रयोग कर बाढ़ बचाव कार्य का लाइव डेमो (मॉकड्रिल) का आयोजन किया गया।
मॉकड्रिल के दौरान राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने नदी में डूब रहे व्यक्तियों को बचाने, तेज बहाव में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और गांव में पानी भरने की स्थिति में राहत पहुंचाने जैसे महत्वपूर्ण अभियानों का अभ्यास किया।
गांव में बाढ़ आने की वजह से गांव में फसे 40 से अधिक लोगों को रेस्क्यू किया गया। कुछ ग्रामीण बाढ़ के कारण पेड़ों में चढ़ गए थे। बाढ़ प्रभावित गांवों के पशुओं को भी सुरक्षित रखने के साथ दवाईयां एवं चारे की व्यवस्था थी। इस अवसर पर अपर कलेक्टर विरेन्द्र सिंह, एएसपी अभिषेक झा, नगर सेना कमाण्डेंट श्री नागेन्द्र सिंह, संयुक्त कलेक्टर हरवंश सिंह मिरी व सिल्ली थॉमस, डिप्टी कलेक्टर लवकेश ध्रुव, हितेष पिस्दा एवं उत्तम धु्रव, डॉ. सीबीएस बंजारे, एवं उनकी टीम, समस्त विभाग के अधिकारी सहित राज्य आपदा मोचन बल और नगर सेना के दल एवं नागरिकगण उपस्थित थे।


