दुर्ग

समग्र शिक्षा-अनियमितता, 4 निलंबित
22-Sep-2025 4:02 PM
समग्र शिक्षा-अनियमितता, 4 निलंबित

समग्र शिक्षा-अनियमितता, 4 निलंबित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 सितंबर।
समग्र शिक्षा अंतर्गत संचालित पीएफएमएस (पब्लिक फाइनेंस मैनेजमेंट सिस्टम) खाते के संचालन में वर्ष 2020-21 से 2023-24 तक अनियमितता एवं लापरवाही पाए जाने के चलते शिक्षा विभाग के 4 कर्मचारियों पर गाज गिरी है।
मामले में दो प्राचार्य, एक प्रभारी प्राचार्य तथा एक सहायक शिक्षक को निलंबित किया गया है। इस आशय का आदेश स्कूल शिक्षा विभाग के अवर सचिव द्वारा 16 सितंबर को जारी किया गया है।  मामला तकियापारा संकुल केंद्र का है। संबंधित लोक सेवकों द्वारा अपने कार्यकाल के दौरान पदीय दायित्वों के निर्वहन में स्वेच्छाचारिता का परिचय देते हुए वित्तीय कार्य में लापरवाही बरती गई है। इसे छग सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 के विपरीत गंभीर कदाचार माना गया है। निलंबन अवधि में इन कर्मचारियों का मुख्यालय, कार्यालय, जिला शिक्षा अधिकारी, दुर्ग नियत किया गया है।

स्कूलों में इन्फ्रास्ट्रक्चर डिवेलप करने समय-समय पर समग्र शिक्षा द्वारा राशि जारी की जाती है। यह राशि स्कूलों को दी जाती है, जो सीधे संकुल समन्वयक के खाते में जमा होती है।
इसका आहरण संकुल प्राचार्य के हस्ताक्षर के बिना नहीं होता। मामला करीब 1 लाख 80 हजार का बताया जा रहा है। वंदना पाण्डेय ने जब तकियापारा स्कूल में प्राचार्य के रूप में ज्वाइनिंग दी तो स्कूल के सभी चार्ज उन्हें दिए गए लेकिन संकुल का उन्हें नहीं मिला। पी.एफ.एम.एस. खाते का संचालन तत्कालीन प्रभारी प्राचार्य नौशाद खान द्वारा होता रहा। नौशाद खान का स्थानांतरण फरीदनगर होने के बाद भी खाता यथावत उसी रूप में संचालित होता रहा। भले ही आर्थिक गड़बड़ी नहीं हुई हो लेकिन इसे एक बड़ी लापरवाही के रूप में देखी गई। मामले की शिकायत हुई। पृथक-पृथक कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया। फिर डीईओ तथा जेडी स्तर पर इसकी जांच की गई।


अन्य पोस्ट