दुर्ग

शीतला मंदिर में जलेंगे देश-विदेश के श्रद्धालुओं के मनोकामना ज्योत
22-Sep-2025 4:00 PM
शीतला मंदिर में जलेंगे देश-विदेश के श्रद्धालुओं के मनोकामना ज्योत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 सितंबर।
सिविल लाईन कसारीडीह स्थित प्रसिद्ध मां सतरुपा शीतला मंदिर में नवरात्रि का पर्व पूरे आस्था व श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। क्वांर नवरात्रि पर इस वर्ष मंदिर में 1551 की संख्या में देश व विदेश के श्रद्धालुओं द्वारा मनोकामना ज्योत प्रज्जवलित किए गए है।
मंदिर में मां शीतला सात रुपों में विराजमान है। जिसके करीब एक स्वयंभू जलकुण्ड का पानी कभी सुखता नहीं है। ऐसी मान्यता है कि मंदिर के जलकुण्ड के पानी के सेवन व उपयोग करने से असाध्य रोग दूर होने के साथ मनोकामना पूर्ण होती है। फलस्वरुप मंदिर में क्वांर और चैत्र नवरात्रि पर मां शीतला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का मेला लगता है। नवरात्रि पर्व पर इस वर्ष सतरुपा शीतला सेवा समिति द्वारा पूरे 10 दिन 22 सितंबर से 1 अक्टूबर तक धार्मिक कार्यक्रम के अलावा विभिन्न  सांस्कृतिक कार्यक्रम  आयोजित किए गए हैं।

इस संबंध में सतरुपा शीतला सेवा समिति के अध्यक्ष रोमनाथ साहू ने बताया कि मंदिर में क्वांर नवरात्रि पर्व की शुरुआत 22 सितंबर को शुभ मुहुर्त पर सुबह 11.36 बजे कलश स्थापना व ज्योत प्रज्जवल के साथ होगी। 27 सितंबर को पंचमी पर कलश चढ़ावा व माता का श्रृंगार, संध्या 4 बजे बाना परघनी, 30 सितंबर को महाअष्टमी पर्व पर संध्या 4 बजे  हवन-पूजन, संध्या 6 बजे से कन्या पूजन व कन्याभोज  एवं 1 अक्टूबर को महानवमी पर्व पर  संध्या 4 बजे  ज्योत-जंवारा की भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी।
श्री साहू ने बताया कि नवरात्रि पर मंदिर में  सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए हैं। इस कड़ी में 27 सितंबर को रात्रि 7.30 बजे गरियाबंद की प्रसिद्ध पंडवानी गायिका रोशनी नागवंशी अपने साथी कलाकारों के साथ पंडवानी गायन की प्रस्तुति देंगी। इसके अलावा विभिन्न जस गायन मंडलियों द्वारा प्रतिदिन मंदिर में जस गीतों की प्रस्तुति के माध्यम से माता की आराधना की जाएगी।

सतरुपा शीतला सेवा समिति के अध्यक्ष रोमनाथ साहू ने बताया कि पर्व को लेकर मंदिर में विशेष साज-सज्जा की गई। विद्युत लाईटें एवं तोरण-पताका आकर्षण का केन्द्र बने हुए है। क्वांर नवरात्रि की तैयारियों को अंतिम रुप देने में सतरुपा शीतला सेवा समिति के अध्यक्ष रोमनाथ साहू, उपाध्यक्ष शिव सागर सिन्हा, सचिव प्रदीप देशमुख,कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र धर्माकर, संयुक्त सचिव चम्पा साहू, प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य तामेश्वर यादव, पुष्पा श्रीवास,सदस्य भीखम साहू, कृष्णा देशमुख, भारतेंदु गौतम धनेश सिंह राजपूत, हेमसिंह ठाकुर के अलावा अन्य सदस्य जुटे हुए है।


अन्य पोस्ट