दुर्ग

नवधा रामायण पाठ में होगा श्रीराम का राज्याभिषेक, हनुमान को लगेगा सवामणि का भोग
19-Aug-2025 5:37 PM
नवधा रामायण पाठ में होगा श्रीराम का राज्याभिषेक, हनुमान को लगेगा सवामणि का भोग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 19 अगस्त।
राधाकृष्ण मंदिर महेश कॉलोनी में चल रहे नवधा पारायण रामायण पाठ में सोमवार को लगभग 2 हजार से अधिक भक्तों ने एक साथ बैठकर रामायण का पाठ किया।
आठवें दिन भक्तों ने अंगद रावण संवाद, लक्ष्मण को मूर्छा, श्रीराम का प्रलाप, कुंभकर्ण वध, मेघनाथ वध, रावण वध, अवध को प्रस्थान, भरत हनुमान मिलन, रामजी का भरत और अयोध्यावासियों से मिलन के प्रसंग पर दोहों का पाठ किया। जोधपुर के पं. गोपाल आसोपा और पं.सुशील आसोपा ने श्रद्धालुओं को इन प्रसंगों के पीछे प्रभु श्रीराम के संदशों को भी बताया। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को नवधा रामायण पारायण पाठ का समापन होगा।

इस अवसर पर सुबह 9 बजे सुंदरकांड का पाठ होगा। इसके बाद हनुमानजी को सवामणी भोग लगाया जाएगा। इसके बाद दोपहर 2 बजे से शाम 6.30 बजे रामायण पाठ होगा, जिसमें श्रीराम राज्याभिषेक, भगवान का प्रजा को उपदेश, काग भसुंडी रामायण, काग भूसंडी और लोमश संवाद के प्रसंग पर पाठ किया जाएगा। सोमवार को ही मंदिर परिसर में चल रहे श्रीविष्णु महायज्ञ की पूर्णाहुति हुई। यज्ञाचार्य पं. पवन द्विवेदी व विद्वान पंडितों ने मंत्रोच्चार के साथ हवन, यज्ञ कराया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा की। रामायण पाठ के बाद प्रभु श्रीराम के भजनों पर मगन होकर श्रद्धालु झूमते रहे। आयोजन में पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडे, चंद्रिका चंद्राकर, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, वैशालीनगर विधायक रिकेश सेन, खैरागढ़ के पूर्व विधायक कोमल जंघेल सहित अन्य विशिष्टजनों व गणमान्य लोगों ने शामिल होकर भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना की।


अन्य पोस्ट