दुर्ग

श्रीराम और श्रीकृष्ण की भक्ति से सराबोर हुई महेश कॉलोनी
13-Aug-2025 5:10 PM
श्रीराम और श्रीकृष्ण की भक्ति से सराबोर हुई महेश कॉलोनी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
दुर्ग, 13 अगस्त।
राधाकृष्ण मंदिर महेश कॉलोनी दुर्ग भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की भक्ति मेें सराबोर हो गई है। यहां पर एक ओर नवधा रामायण का पाठ चल रहा है तो दूसरी ओर मंदिर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की तैयारी चल रही हैं। 

कॉलोनी में नवधा पारायण रामायण पाठ की शुरुआत सोमवार से हो गई है।  जोधपुर से विशेष रूप से पाठ को कराने वाले पं. गोपाल आसोपा और पं. सुशील आसोपा ने श्रद्धालुओं को नवधा पारायण रामायण का सामूहिक पाठ शुरू कराया। पहले दिन उपस्थित करीब 1 हजार से अधिक भक्तों ने बालकांड की चौपाइयों का पाठ किया। इस अवसर पर भगवान श्रीराम के भजनों की प्रस्तुति पर भक्त भावविभोर होकर झूमते रहे। पहले दिन नाम वंदना और शिव पार्वती विवाह के प्रसंग भी सुनाया गया। दोपहर 2 बजे से शुरू हुआ रामायण पाठ शाम 6.30 बजे तक चलता रहा। 

इस बीच भक्तों के लिए शाम 4.30 बजे कुछ समय के लिए विराम देकर स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई थी। आखिर में रामायण की आरती की गई। मंदिर समिति के प्रमुख चतुर्भुज राठी ने बताया कि रामायण पाठ रोजाना दोपहर 2 से 6.30 बजे तक चल रही है। उन्होंने बताया कि पाठ में आने वाले भक्तों के लिए क्रमवार रामायण ग्रंथ उपलब्ध कराया जा रहा है। पहले दिन बड़ी संख्या में भक्तों ने उपस्थित होकर सामूहिक पाठ किया। मंगलवार की दोपहर से बालकांड से ही पाठ की शुुरुआत की जाएगी। समिति ने रामायण पाठ में ज्यादा से ज्यादा सनातनप्रेमियों से उपस्थिति की अपील की है।

 


अन्य पोस्ट