दुर्ग
महापौर और उपनेता प्रतिपक्ष, आयोजक समिति ने थामी झाड़ू
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 8 अगस्त। नगर निगम भिलाई क्षेत्र के जयंती स्टेडियम में आयोजित शिव महापुराण कथा का भव्य समापन श्रद्धा और अनुशासन के अद्भुत संगम के साथ हुआ। इस सात दिवसीय धार्मिक आयोजन में प्रत्येक दिन तीन से चार लाख श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंचे, जिससे पूरे स्टेडियम परिसर में भारी भीड़ और उसके साथ ही काफी मात्रा में कचरा एकत्रित हो गया था।
कथा समापन के ठीक अगले दिन नगर निगम भिलाई और आयोजन समिति ने मिलकर सफाई अभियान चलाया। निगम प्रशासन की तत्परता और आयोजन समिति की सक्रियता से एक ही दिन में संपूर्ण जयंती स्टेडियम और आसपास के क्षेत्र की सफाई कर दी गई।
इस अभियान में नगर निगम के 300 से अधिक सफाई कर्मचारियों को तैनात किया गया था। सभी कर्मचारियों ने अलग-अलग टीमों में बंटकर स्टेडियम के प्रत्येक कोने, बैठने की व्यवस्था, मंच स्थल, और बाहर के मार्गों की सफाई की। इसके अलावा जब तक कथा चल रही थी, रोज 170 सफाई कर्मचारियो की ड्यूटी तीन पाली में लगाई थी। जो देर रात तक सफाई करते थे।
जनप्रतिनिधियों ने भी लगाया झाड़ू
विशेष बात यह रही कि भिलाई के महापौर नीरज पाल और आयोजन समिति के अध्यक्ष व भिलाई के उपनेता प्रतिपक्ष दया सिंह भी सफाई कर्मचारियों के साथ सुबह 6 बजे सफाई करने कथा स्थल पर पहुंचे। सफाई कर्मचारियों के साथ खुद भी झाड़ू लगाई और सफाई अभियान में भाग लिया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
महापौर नीरज पाल ने कहा भिलाई शहर न केवल सांस्कृतिक आयोजनों के लिए जाना जाता है, बल्कि यहां की सफाई व्यवस्था और जन-जागरूकता भी उदाहरणीय है। यह हमारे शहर की पहचान है कि हम बड़े से बड़े आयोजन के बाद भी साफ-सुथरा वातावरण बनाए रखते हैं।


