दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 अगस्त। ट्रैफिक पुलिस दुर्ग ने राष्ट्रीय राजमार्ग सहित शहर के मुख्य मार्गों पर आवारा रूप से विचरण कर रहे मवेशियों की आवाजाही को दृष्टिगत रखते हुए सडक़ सुरक्षा की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण पहल की है। इस अभियान के अंतर्गत हाइवे पर पाए गए मवेशियों को रिफ्लेक्टर युक्त बेल्ट पहनाए गए। इससे रात्रि के समय तेज गति से चलने वाले वाहनों को दूर से ही मवेशी दिखाई दे सकें और दुर्घटनाओं की संभावना न्यूनतम हो। पुलिस का मानना है कि इससे गायों और राहगीरों की जान सुरक्षित रहेगी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात ऋचा मिश्रा ने बताया कि रात के समय अंधेरा होने से सडक़ पर बैठे हुए मवेशी वाहन चालकों को दिखाई न देने के कारण सडक़ दुर्घटनाएं हो जाती है। इसमें मवेशी भी घायल हो जाते हंै और वाहन चालक भी गंभीर रूप से घायल हो जाते हंै। यह अभियान विशेष रूप से दुर्ग-भिलाई क्षेत्र, टेढ़ेसरा रोड, पुलगांव बायपास, रिसाली, नेहरू नगर मुख्य मार्ग, सुपेला चौक, वैशाली नगर रोड, स्मृति नगर मेन रोड, और ट्रांसपोर्ट नगर सहित अन्य प्रमुख एवं व्यस्त मार्गों पर केंद्रित रहा।
उन्होंने कहा कि मवेशियों की अचानक उपस्थिति से रात्रिकालीन दुर्घटनाओं की संख्या में वृद्धि की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही थी। इसी के मद्देनजर, ट्रैफिक पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई । इस अभियान के दौरान चिन्हित मवेशियों को नगर निगम के सहयोग से सुरक्षित स्थानों पर भेजने की भी प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। इसके अतिरिक्त, मवेशियों के मालिकों को चिन्हांकित कर संबंधित थानों के माध्यम से उनके विरुद्ध विधिसम्मत कारर्वाई की प्रक्रिया भी प्रारंभ की गई है।


